जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक रेस्टोरेंट पर दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट की इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के दर्जनों लोगों को आपस में एक-दूसरे पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने वहां पर रुकी महिला पर्यटकों से छेड़खानी की। जब युवतियों ने इसका विरोध किया तो कर्मचारियों ने मारपीट करनी शुरू कर दी। हालांकि पुलिस की टीम आरोपों की जांच में जुटी हुई है। इस पूरे मामले में पुलिस के केस दर्ज कर लिया है।
छेड़खानी का लगाया आरोप
दरअसल, पूरा मामला नाहरगढ़ स्थित पड़ाव रेस्टोरेंट का बताया जा रहा है। यहां RTDC के पड़ाव रेस्टोरेंट पर पर्यटकों के साथ रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने मारपीट की। इस दौरान पड़ाव रेस्टोरेंट के कर्मचारियों की जबरदस्त दादागिरी देखने को मिली। रेस्टोरेंट कर्मियों ने यहां पर आए पर्यटक युवक और युवतियों सहित अन्य लोगों के साथ मारपीट की है। सूत्रों के अनुसार आरोप है कि रेस्टोरेंट का कर्मी युवतियों से छेड़खानी कर रहा था। युवतियों ने इसका विरोध किया तो कर्मचारियों ने मारपीट शुरू कर दी। वहीं देर रात RTDC पड़ाव रेस्टोरेंट में हुई इस मारपीट का वीडियो भी सामने आया है।
सामने आया घटना का वीडियो
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। पूरी घटना को लेकर ब्रह्मपुरी थाने में मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। इस पूरी घटना की वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में रेस्टोरेंट के कर्मचारी वहां पर आए युवक और युवतियों से मारपीट करते हुए देखे जा रहे हैं। इसके अलावा वहां मौजूद युवतियों ने भी कर्मचारियों पर हमला किया है। फिलहाल पूरा मामला पुलिस के पास है और पुलिस आरोपों की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही पुलिस इस घटना में कोई कार्रवाई करेगी।