झुंझुनूंः राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पचेरी खुर्द क्षेत्र में एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस को पुलिस ने महज 36 घंटे में सुलझा लिया है। हत्या की यह वारदात 5 जुलाई की रात एक शराब पार्टी के दौरान हुई। इसमें AXIS बैंक नारनौल का मैनेजर कार्तिक शर्मा और उसके चार साथियों ने एक अनजान युवक को पीट-पीटकर मार डाला, क्योंकि वह अपना नाम नहीं बता रहा था। हत्या के बाद शव को नग्न अवस्था में सड़क किनारे फेंककर एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई।
शराब पिलाकर मारा
5 जुलाई की रात पचेरी खुर्द गांव के बालाजी धर्मकांटा के पास शराब पार्टी चल रही थी। इसमें कार्तिक शर्मा (AXIS बैंक मैनेजर, नारनौल), सुनील (कार्तिक का ड्राइवर), विक्रम गुर्जर (डुमोली खुर्द निवासी), सुरेन्द्र उर्फ बल्लू यादव (भट्टा मालिक, पचेरी खुर्द), धनंजय उर्फ कालू (बल्लू का भांजा) शामिल थे। इसी दौरान वहां एक अनजान युवक आ पहुंचा। जब आरोपियों ने उससे नाम और पता पूछा, तो युवक ने कोई जवाब नहीं दिया। शराब पार्टी कर रहे आरोपियों ने तैश में आकर युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।
हत्या को छिपाने की साजिश
आरोपियों ने हत्या के बाद घबरा कर शव को कुछ दूरी पर सिंघाना रोड पर सड़क किनारे फेंक दिया। शव को घसीटकर एक्सीडेंट जैसा दिखाने की कोशिश की गई। शव अर्धनग्न अवस्था में था और उसके शरीर पर गहरी चोटों के निशान मिले। डॉग स्क्वायड की टीम की मदद से पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पहचान बनी बड़ी चुनौती
युवक की कलाई पर ‘KK’ गुदा हुआ था, पास में SKYLARK कंपनी की पट्टी वाली चप्पल पड़ी थी। शव के पास कोई दस्तावेज या पहचान से जुड़ा सामान नहीं मिला जिसके चलते शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव को बुहाना अस्पताल मोर्चरी में शव को सुरक्षित रखा गया है।
रिपोर्ट- अमित शर्मा, झुंझुनूं