1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. धौलपुर में पानी से भरी रोड पर जाते समय कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी, चार लोगों की मौत; कई घायल

धौलपुर में पानी से भरी रोड पर जाते समय कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी, चार लोगों की मौत; कई घायल

धौलपुर जिले के मनिया थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव की पोखर में इको गाड़ी डूबने 4 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, इको कार में कई लोग सवार थे और जैसे ही कार पोखर में गिरी। चीख-पुकार मच गई।

तालाब में गिरी कार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER तालाब में गिरी कार

राजस्थान के धौलपुर जिले में पानी से भरी सड़क पर तेज़ रफ़्तार ईको वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह एक तालाब (पोखर) में जा गिरी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए और उन्हें ज़िला अस्पताल भेजा गया। मरने वालों में एक मां, उसका बेटा और उसकी बेटी शामिल हैं। ये यात्री आपस में रिश्तेदार थे और मध्य प्रदेश और धौलपुर के रहने वाले थे। वे फूलपुर के जहरवीर मंदिर जा रहे थे, तभी मनियान पुलिस स्टेशन इलाके में यह हादसा हुआ।

पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे ईको वैन एक तालाब में गिर गई। वैन में 11 लोग सवार थे। मरने वालों की पहचान धौलपुर के तसिमो निवासी शैलेश की पत्नी सपना (32), उनके बेटे हर्षित (1 वर्ष), बेटी प्राची (3 वर्ष) और मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी पुष्पेंद्र के बेटे दिव्यांश (3 वर्ष) के तौर पर हुई है।  

रोड पर जमा था पानी, तालाब का अंदाजा नहीं लगा

स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू की, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर श्रीनिधी बीटी और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इस पूरे हादसे को लेकर शुरुआती तौर पर पोखर के आसपास हुए अतिक्रमण को एक बड़ी वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि अतिक्रमण के कारण पोखर का पानी सड़क तक फैल गया था और सड़क का हिस्सा पूरी तरह पानी में डूबा हुआ नजर आ रहा था। ऐसे में चालक को सड़क और पोखर की वास्तविक सीमा का अंदाजा नहीं लग पाया और यात्रियों से भरी इको कार सीधे गहरे पानी में जा गिरी। 

डीएम ने दिए अतिक्रमण को चिन्हित करने के आदेश

इस दर्दनाक हादसे ने अब कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पोखर के आसपास अतिक्रमण कब से था और यदि अतिक्रमण के चलते पानी सड़क पर भर रहा था तो समय रहते इस पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जिला कलेक्टर श्रीनिधी बीटी ने संबंधित अधिकारियों को पोखर क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को चिन्हित कर उसे ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे क्षेत्र की स्थिति का आकलन करने और भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने को भी कहा गया है। इससे पहले अभी हाल में ही सिरोही जिले के आबूरोड शहर में कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी। हादसे का खौफनाक वीडियो भी सामने आया था।

रिपोर्टः  विनोद तिवारी

ये भी पढ़ेंः बांसवाड़ा में महिला से बर्बरता, भीड़ ने बेरहमी से पीटा, बाल काटे; कपड़े तक फाड़ दिए

बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष को क्यों पीटने लगे पार्टी कार्यकर्ता? फाड़ा कुर्ता; देखें वीडियो