भीलवाड़ा: भीलवाड़ा एसपी ऑफिस के बाहर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाने आई एक युवती का उनके परिजनों ने अपहरण कर लिया। इस दौरान बीच बचाव में आए पुलिसकर्मियों पर भी लड़की के परिजनों ने गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने लड़की के परिजनों को हिरासत में ले लिया है।
एसपी ऑफिस में बयान दर्ज कराने आई थी लड़की
जानकारी के अनुसार, लव मैरिज के बाद लड़की बुधवार शाम एसपी ऑफिस में बयान दर्ज कराने आई थी। लेकिन कथित तौर पर परिजनों ने लड़की का अपहरण कर लिया। अचानक हुई घटनाक्रम के बाद एसपी ऑफिस में हड़कंप मच गया, जहां एसपी ऑफिस के परिवाद शाखा में तैनात पुलिसकर्मियों ने बदमाशो की स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर भी गाड़ी चढाने की कोशिश की। बाद में उच्च अधिकारियों को सूचना देने पर नाकाबंदी करवाई गई।
दोनों के परिजन शादी से नाराज
बताया जा रहा है कि भीलवाड़ा जिले के कोटडी थाना क्षेत्र के लखमीनियास गांव निवासी गोपाल जाट ने बड़ला गांव की युवती संगीता से प्रेम विवाह किया था। दोनों की शादी से परिजन नाराज थे। शादी के बाद जैसे ही बुधवार शाम प्रेमी युगल एसपी ऑफिस अधिकारियों के सामने पेश होने पहुंचे। इस बीच शिवराज जाट और उसके साथियों ने युवती का काली स्कॉर्पियो गाड़ी में अपहरण कर लिया।
आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी करवाई। बताया जा रहा है कि कोटडी थाना क्षेत्र में परिजनों को पुलिस ने डिटेन कर लिया और लड़की को मुक्त कराया। जिसे पुलिस कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही है। इसका वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग अलग-अलग की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
यहां देखें वीडियो
भीलवाड़ा कोतवाली थाना प्रभारी शिवराज गुर्जर ने कहा कि मामला ध्यान में आते ही तुरंत शहर में नाकाबंदी करवाते हुए स्कार्पियो चालक वह लड़की को डिटेन कर लिया है। लड़की के माता-पिता को भी कोतवाली थाने बुलाया है जिससे आज पूछताछ की जाएगी। पुलिसकर्मियों पर जो स्कॉर्पियो चढ़ाने की कोशिश के लिए स्कार्पियो चालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
रिपोर्ट- सोमदत्त त्रिपाठी, भीलवाड़ा