1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. मुंह में घास ठूंसी, चुन्नी से गला घोंटा, घर से 150 मीटर दूर खेत में मिली युवती की लाश; मचा बवाल

मुंह में घास ठूंसी, चुन्नी से गला घोंटा, घर से 150 मीटर दूर खेत में मिली युवती की लाश; मचा बवाल

युवती का शव घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में मिला, जिसका गला चुन्नी से घोंटा गया और मुंह में घास ठूंसी गई थी। इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

युवती का शव मिलने पर परिजनों ने मचाया हंगामा - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT युवती का शव मिलने पर परिजनों ने मचाया हंगामा

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र की कानिका ढ़ाणी में मिली युवती की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में युवती का शव मिला था, जिसका गला चुन्नी से घोंटा गया और मुंह में घास ठूंसी गई थी। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

परिजनों ने शव लेने से किया इंकार

हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतका के परिजन व ग्रामीण मंगलवार को दूसरे दिन भी गुढ़ागौड़जी अस्पताल परिसर में धरने पर डटे रहे। परिजनों ने शव लेने से साफ इंकार कर दिया और कहा कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन के चलते अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर नवलगढ़ डीएसपी व थाना अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से समझाइश की कोशिश की। वहीं, पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा भी अस्पताल पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

समझाने पहुंचे पूर्व सरपंच से मारपीट

इस बीच, धरनास्थल पर उस समय तनाव फैल गया, जब टोडी के पूर्व सरपंच ख्यालीराम समझाने पहुंचे। इस दौरान भीड़ में से अचानक एक युवक आया और उसने पूर्व सरपंच का गला पकड़कर धक्का दे दिया। यह घटना कैमरे में कैद हो गई। बाद में पुलिस ने हालात काबू में किए और पूर्व सरपंच को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

नेपाल में जारी हिंसा पर आया PM नरेंद्र मोदी का पहला बयान, नेपाली लोगों से की बड़ी अपील

Nepal Protest: राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दिया इस्तीफा, अब सेना के हाथों में सत्ता की कमान