1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जयपुर: सीएम भजनलाल शर्मा ने परिवार के साथ की दिवाली की खरीदारी, रेहड़ी वालों से खरीदा सामान

जयपुर: सीएम भजनलाल शर्मा ने परिवार के साथ की दिवाली की खरीदारी, रेहड़ी वालों से खरीदा सामान

भजनलाल शर्मा ने रेहड़ी वालों से सामान खरीदा और यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया। इस मौके पर उन्होंने पीएम मोदी को वोकल फॉर लोकल अभियान का समर्थन करने की अपील की।

bhajanlal Sharma- India TV Hindi
Image Source : X/ANI परिवार के साथ खरीदारी करते भजनलाल शर्मा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिवाली की पूर्व संध्या पर जयपुर में स्थानीय दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों से खरीदारी करके ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को गति दी। शर्मा रविवार को अपने परिवार के साथ मानसरोवर के एक बाजार में पहुंचे और मिट्टी के दीये, पूजा सामग्री, रंगोली के रंग, सजावटी सामान और फल जैसी पारंपरिक वस्तुएं खरीदीं। इस दौरान शर्मा ने विक्रेताओं से बातचीत की और यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया। स्थानीय व्यापार संघों और आम लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत और अभिनंदन किया। 

राज्य के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में कमी से दैनिक उपयोग की वस्तुएं सस्ती हो गई हैं।

एक्स पर शेयर की तस्वीरें

सीएम भजनलाल शर्मा ने एक्स पर खरीदारी की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "दीपोत्सव के पावन अवसर पर सपरिवार मिट्टी के दीयों एवं पूजन सामग्री की खरीदारी कर डिजिटल माध्यम से भुगतान किया। सभी प्रदेशवासियों से अपील है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 'वोकल फॉर लोकल' मंत्र को आत्मसात करते हुए अपने आस-पास के स्थानीय बाजारों से ही खरीदारी करें, ताकि छोटे व मध्यम वर्गीय दुकानदारों तथा कारीगरों की दीपावली भी खुशियों और समृद्धि से आलोकित हों।

राजस्थान के बाजारों में धूम

राजधानी जयपुर के साथ साथ जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, उदयपुर और अन्य प्रमुख शहरों के बाजारों में दिन भर अच्छी-खासी खरीदारी देखी गई। वाहनों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर जीएसटी दरों में कटौती से भी उपभोक्ता उत्साहित रहे और दुपहिया व चौपहिया वाहनों की खरीदारी में तेजी आई। बड़ी संख्या में लोग वाहन खरीदकर जयपुर के मोती डूंगरी मंदिर में पारंपरिक पूजा अनुष्ठान के लिए पहुंचे। राजस्थान व्यापार एवं उद्योग महासंघ (फोर्टी) के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस पर राज्य भर में 40,000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। उन्होंने कहा, "अकेले जयपुर में ही 5,000-6,000 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ।" दूसरी ओर बाजारों को रंग-बिरंगी रोशनियों से सजाया गया है। (इनपुट- पीटीआई)