1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जैसलमेर: DRDO के गेस्ट हाउस से पाकिस्तान के लिए जासूसी, हिरासत में युवक, संविदा में करता था काम-VIDEO

जैसलमेर: DRDO के गेस्ट हाउस से पाकिस्तान के लिए जासूसी, हिरासत में युवक, संविदा में करता था काम-VIDEO

जासूसी के आरोप में हिरासत में लिया गया युवक उत्तराखंड का रहने वाला है। वह जैसलमेर के DRDO गेस्ट हाउस में संविदा में काम करता था। JIC की टीम अब उससे पूछताछ कर रही है।

हिरासत में लिया गया आरोपी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हिरासत में लिया गया आरोपी

राजस्थान के जैसलमेर जिले से पाकिस्तान के लिए जासूसी के शक में एक युवक को हिरासत में लिया गया है। जैसलमेर के चांधन क्षेत्र का ये मामला है। जानकारी के मुताबिक, युवक का नाम महेंद्र प्रसाद है, जो उत्तराखंड का रहने वाला है। वो जैसलमेर में स्थित DRDO गेस्ट हाउस में संविदा पर काम कर रहा था।

DRDO से जुड़ी जानकारी लीक करने का आरोप

बताया जा रहा है कि महेंद्र पर सीमा पार पाकिस्तान को सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां भेजने का आरोप है। यह भी सामने आया है कि उसने पोकरण फायरिंग रेंज और DRDO से जुड़े अधिकारियों की गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां लीक की हैं। 

JIC की टीम कर रही पूछताछ

सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को उसके मोबाइल और चैट्स से जासूसी से जुड़े कई अहम सबूत मिलने की संभावना है। देर रात उसे डिटेन किया गया और अब उससे JIC (जॉइंट इंट्रोगेशन कमेटी) के तहत पूछताछ की जाएगी।

फील्ड फायरिंग रेंज की जानकारी लीक होने की भी संभावना

सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुईं थीं। पुख्ता जानकारी के बाद यह कार्रवाई की गई है। चांधन जैसलमेर जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर है। ये संवेदनशील इलाका है, जो पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज के नजदीक है। इस फायरिंग रेंज में कई तरह के अत्याधुनिक हथियारों के परीक्षण होते हैं। इसीलिए फील्ड फायरिंग रेंज की जानकारी लीक होने की संभावना जताई जा रही है। 

एक पर्ची की फोटो भेजी थी

हालांकि, JIC में पूछताछ के बाद और आरोपी के फोन चेक होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर आरोपी किस तरह सीमा पार यहां की जानकारियां भेजता था। आरोपी महेंद्र प्रसाद ने बताया कि उसके पास 2020 में कॉल आया था। वह एक पर्ची की फोटो भेजी थी। इसके अलावा उसने कुछ नहीं बताया।

इस इलाके में पहले भी पकड़े जा चुके हैं जासूस

पहले भी कई जासूस चांधन इलाके से पकड़े जा चुके हैं। सामरिक दृष्टि से यह क्षेत्र काफी महत्वपूर्ण है। इसीलिए तमाम सुरक्षा एजेंसियों की नजर यहां पर बनी रहती है।

योगेश गज्जा कि रिपोर्ट