1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. बाइक की टक्कर के बाद आग का गोला बनी बस, आसमान में छाया काला धुआं, मौके पर ही 3 की मौत-VIDEO

बाइक की टक्कर के बाद आग का गोला बनी बस, आसमान में छाया काला धुआं, मौके पर ही 3 की मौत-VIDEO

बस और बाइक के बीच हुई टक्कर काफी भीषण थी। बस डिवाइडर से टकरा गई और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। यह मंजर देख हर कोई हैरान रह गया।

आग का गोला बनी बस- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आग का गोला बनी बस

राजस्थान के जालोर जिले में भीषड़ सड़क हादसा हो गया। सांचोर उपखंड के रणोदर सरहद में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-68 पर बस आग का गोला बन गई। प्राइवेट बस और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हुई है। इसके बाद बस में अचानक आग लग गई। हादसे में तीनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बस में आग लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़े और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।

देखते ही देखते पूरी जल गई बस

आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते प्राइवेट बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। गनीमत रही बस में आग लगती देख सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार, बस में करीब 50 सवारियां थी। जिन्हें मौजूद लोगों ने बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

आग पर पाया गया काबू

बस में भीषण आग लगने की सूचना दमकल को दी गई। सूचना मिलते ही चितलवाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किया गया। सूचना के बाद एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही सांचोर से दमकल वाहन घटनास्थल के लिए रवाना हो गया। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण करने में जुटी है। मृतकों की पहचान की जा रही है।

इनपुट- हीरालाल