A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. बिना नंबर प्लेट की कार में आए युवकों ने करवाई टंकी फुल, बिना पैसे दिए दौड़ा दी गाड़ी; CCTV में कैद हुई घटना

बिना नंबर प्लेट की कार में आए युवकों ने करवाई टंकी फुल, बिना पैसे दिए दौड़ा दी गाड़ी; CCTV में कैद हुई घटना

कार से दो युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। कार में टंकी फुल करवाई और फिर बिना पैसे दिए फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

पेट्रोल पंप पर ठगी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पेट्रोल पंप पर ठगी

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पिलानी में एक पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम देते हुए कार की टंकी फुल करवाकर बिना भुगतान किए फरार हो गए। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सोमवार को घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, चिड़ावा रोड स्थित नायरा कंपनी के ऐसर पेट्रोल पंप पर शनिवार दोपहर बाद एक कार आकर रुकी। कार में सवार दो युवकों ने सेल्समैन से गाड़ी की टंकी फुल करने के लिए कहा। सेल्समैन ने सामान्य प्रक्रिया के तहत कार में पेट्रोल भर दिया।

सेल्समैन जैसे ही पैसे लेने पहुंचा तो...

बताया जा रहा है कि जैसे ही सेल्समैन पेट्रोल के पैसे लेने के लिए कार के पास पहुंचा, उसी दौरान चालक ने अचानक गाड़ी को तेज गति से दौड़ा दिया और मौके से फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से सेल्समैन भी हक्का-बक्का रह गया और उसने कार का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश तेज रफ्तार में आंखों से ओझल हो गए।

बिना नंबर प्लेट की थी कार

घटना के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें पूरी वारदात साफ दिखाई दे रही है। हालांकि, बदमाशों की कार की नंबर प्लेट पर कोई नंबर दर्ज नहीं था, जिससे वाहन की पहचान और आरोपियों तक पहुंचने में मुश्किलें आ रही हैं। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

कोलकाता के खाद्य भवन में बड़ा हादसा, 5वीं मंजिल से गिरे बड़े सरकारी अधिकारी; अस्पताल में एडमिट

ममेरी बहनों को हुआ एक-दूसरे से प्यार, एक ने बदला जेंडर फिर मंदिर में रचाई शादी; VIDEO वायरल