1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. 150+ की रफ्तार से हवा में उड़ी कार, कई पलटियां खाते हुए 100 फीट दूर खेत में गिरी, तीन युवकों की दर्दनाक मौत

150+ की रफ्तार से हवा में उड़ी कार, कई पलटियां खाते हुए 100 फीट दूर खेत में गिरी, तीन युवकों की दर्दनाक मौत

हादसे का शिकार हुई कार में चार युवक सवार थे। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबक चौथा अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत बेहद गंभीर है। पुलिस को कार के पुर्जे खेत के अलग-अलग हिस्से में बिखरे हुए मिले हैं।

jhunjhunu car- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हादसे का शिकार हुई कार

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में देर रात एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। मंड्रेला रोड पर इसरपुरा के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर इस कदर दुर्घटनाग्रस्त हुई कि वह हवा में उछलते हुए करीब 100 फीट दूर खेत में जा गिरी और कई पलटियां खा गई। हादसे में झुंझुनूं शहर निवासी विजय, गौरव और सुनील की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका साथी जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कार की रफ्तार 150 किमी/घंटा से अधिक बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि मोड़ पर वाहन अनियंत्रित हुआ या अचानक सामने किसी जानवर के आ जाने से चालक संतुलन खो बैठा। इसके बाद कार हवा में उछलते हुए सड़क से काफी दूर जाकर खेत में जा गिरी।

खेत में बिखरे मिले कार के पुर्जे

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के पुर्जे खेत में जगह-जगह बिखरे पड़े मिले। हादसे में एक युवक का शव कार से करीब 50-60 फीट दूर झाड़ियों में मिला। धमाके जैसी तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

भजन संध्या से लौट रहे थे युवक

बताया जा रहा है कि सभी युवक सोनासर में आयोजित भजन संध्या से लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतकों के शवों को बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

(झुंझुनूं से अमित शर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

पार्वती नदी में अनियंत्रित होकर जा गिरी कार, युवक की डूबकर हुई मौत, कई घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन-VIDEO

11वीं की छात्रा का अपहरण कर गैंगरेप, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार, मोबाइल में मिलीं संदिग्ध चीजें