A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. टोल बूथ में घुसा बेकाबू ट्रक, कार को रौंदा; CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

टोल बूथ में घुसा बेकाबू ट्रक, कार को रौंदा; CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

टोल प्लाजा पर एक बेकाबू तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर तोड़कर सीधे अंदर घुस गया। इस हादसे में ट्रक ने टोल बूथ पर खड़ी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसका रूह कंपा देने वाला वीडियो CCTV में कैद हो गया।

डिवाइडर तोड़ कार को रौंदते हुए बूथ में घुसा ट्रक- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT डिवाइडर तोड़ कार को रौंदते हुए बूथ में घुसा ट्रक

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र स्थित रघुनाथपुरा टोल बूथ पर सोमवार अल सुबह करीब 4:00 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए सीधे टोल प्लाजा में घुस गया। ट्रक ने टोल बूथ पर खड़ी एक कार को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे का पूरा खौफनाक मंजर टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया, जिसे देखकर लोगों की रूह कांप उठी।

दोनों वाहनों के बीच फंस गई कार

प्रत्यक्षदर्शियों और टोलकर्मियों के अनुसार, ट्रक सूरजगढ़ की तरफ से तेज गति में आया। अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए सीधे टोल लेन में घुस गया। उस समय टोल बूथ पर एक कार खड़ी थी, जिसके आगे एक बोलेरो वाहन मौजूद था। ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार दोनों वाहनों के बीच बुरी तरह फंस गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर के कारण कार के लॉक सिस्टम जाम हो गए और अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा। जीवन ज्योति रक्षा समिति की एंबुलेंस की मदद से घायलों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

कार में कुल पांच लोग सवार थे

जानकारी के मुताबिक, कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो सालासर बालाजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में राहुल पुत्र मनोज, समीर पुत्र संदीप निवासी दरियापुर दिल्ली और कृष्ण पुत्र नाथूराम निवासी लोहारू घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस तरह ट्रक ने कार को रौंदा, उसे देखकर किसी को उम्मीद नहीं थी कि कार सवार जिंदा बच पाएंगे। लोगों ने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं बताया। फिलहाल, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। ट्रक चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

सड़क पर चीखता रहा युवक, बरसते रहे उस पर धारदार हथियार; खौफनाक VIDEO आया सामने

NRI पति को छोड़ भारत लौटी पत्नी, ससुराल में दिन-रात घर के काम और अकेलेपन से थी परेशान