A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. जोधपुर: होली पर मामूली कहासुनी के बाद बदमाशों ने घर पर पेट्रोल बम फेंके, पुलिस से शिकायत करने वालों को बनाया निशाना

जोधपुर: होली पर मामूली कहासुनी के बाद बदमाशों ने घर पर पेट्रोल बम फेंके, पुलिस से शिकायत करने वालों को बनाया निशाना

जोधपुर में मामुली कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने पुलिस में शिकायत कर दी थी। इसके बाद बदमाशों ने शिकायत करने वाले लोगों के घरों को निशाना बनाकर पेट्रोल बम फेंके। हालांकि, इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ।

Petrol bomb- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पेट्रोल बम से हमला करते आरोपी

राजस्थान के जोधपुर में होली के दिन शुरू हुआ विवाद रविवार को बढ़ गया। यहां बदमाशों ने पुलिस से शिकायत करने वाले लोगों के घरों पर पेट्रोल बम से हमला कर दिया। इन हमलों में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन स्थानीय लोग डरे हुए हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना झालामंड इलाके के बापू नगर की बताई जा रही है। यहां बदमाशों ने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराने वालों के घरों को निशाना बनाया है। 

गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति पेट्रोल बम की चपेट में नहीं आया। पेट्रोल बम फेंकने से फिलहाल जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। अगर कोई व्यक्ति इसकी चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

रंग लगाने की बात पर हुआ था झगड़ा

बताया जा रहा है कि रंग लगाने की बात पर प्रजापत समाज और बंजारा परिवार के लोगों के बीच मामूली विवाद हो गया था। इस विवाद के बाद बंजारा परिवार के लोगों ने पुलिस में शिकायत कर दी थी। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने वाले घरों पर पेट्रोल बम से हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि आरोपी दो बाइक में सवार होकर आए थे और दो घरों पर पेट्रोल बम फेंका। इस दौरान उन्होंने तीसरी बोतल भी फेंकने की कोशिश की, लेकिन वह सड़क पर ही गिर गई। 

बंजारा परिवार पर देर रात हमला हुआ था। वीडियो में सुनसान सड़क देखी जा सकती है। ऐसे में हमलावर तेजी से आते हैं और बम फेंकते हुए निकल जाते हैं। इस दौरान उन्हें रोकने वाला कोई नहीं था।