A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. कोटा में एक और छात्रा ने की आत्महत्या, पेपर खराब होने से डिप्रेशन में थी

कोटा में एक और छात्रा ने की आत्महत्या, पेपर खराब होने से डिप्रेशन में थी

सुसाइड करने वाली छात्रा कोटा मेडिकल कॉलेज में तृतीय वर्ष की स्टूडेंट थी। पेपर खराब होने के बाद से वह डिप्रेशन में चल रही थी। इसी वजह से उनसे सुसाइड कर लिया।

Kota Student Suicide- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कोटा में छात्रा का सुसाइड

राजस्थान के कोटा में एक और छात्रा ने आत्महत्या कर ली। एमबीबीएस स्टूडेंट पेपर खराब होने से डिप्रेशन में थी। बड़ी बहन ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा तो मदद के लिए चिल्लाई। पड़ोसियों ने उसे तुरंत एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा ने शुक्रवार को अपने घर में पंखे से लटककर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। परिवार के अनुसार, 21 वर्षीय प्राची मीणा मेडिकल कॉलेज में हाल ही में हुई परीक्षा में खराब नंबर आने के बाद से डिप्रेशन से ग्रस्त थी।

घटना नयापुरा थाना क्षेत्र की आकाशवाणी कॉलोनी की है। सीआई विनोद कुमार ने बताया कि आकाशवाणी में रहने वाली प्राची मीणा (21) कोटा मेडिकल कॉलेज की थर्ड ईयर की छात्रा थी। प्राची पिता कमल प्रसाद और तीन भाई-बहनों के साथ सरकारी क्वार्टर में रहती थी। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। 

पेपर खराब होने से डिप्रेशन में थी

मृतक लड़की के पिता कमल प्रसाद ने बताया कि प्राची की परीक्षाएं चल रही थी। एक पेपर खराब होने के बाद से वह डिप्रेशन में थी। घटना के समय प्राची की बड़ी बहन घर पर ही थी, लेकिन वह दूसरे कमरे में थी। कुछ देर बाद बड़ी बहन उस कमरे में गई तो प्राची को फंदे से लटका देखकर चिल्लाई। इस पर आसपास मौजूद लोग दौड़कर आए और तुरंत उसे नीचे उतारकर प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। यहां से उसे एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

आकाशवाणी में काम करते हैं पिता

प्राची के पिता कमल प्रसाद आकाशवाणी झालावाड़ में कार्यरत हैं। वह रोजाना कोटा से अप-डाउन करते हैं। बेटी के सुसाइड करने की सूचना मिलते ही वे तुरंत कोटा पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। उनका परिवार राजस्थान के दौसा का रहने वाला था। नयापुरा सर्कल इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि वह अपने तीन भाई-बहनों के साथ एक सरकारी क्वार्टर में रहती थी। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है और पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

(कोटा से दिनेश कश्यप की रिपोर्ट)