A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के नाम का हुआ ऐलान, मदन राठौड़ को फिर से मिली जिम्मेदारी

राजस्थान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के नाम का हुआ ऐलान, मदन राठौड़ को फिर से मिली जिम्मेदारी

राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के मदन राठौड़ को निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया है। पार्टी के चुनाव अधिकारी विजय रूपाणी ने इसकी औपचारिक घोषणा की। बता दें कि इससे पहले भी मदन राठौड़ ही राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष थे। उन्हें दोबारा ये जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मदन राठौड़ बने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष।- India TV Hindi
Image Source : PTI मदन राठौड़ बने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष।

जयपुर: मदन राठौड़ को शनिवार को निर्विरोध भाजपा की राजस्थान इकाई का अध्यक्ष घोषित किया गया। मदन राठौड़ पहले से ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे थे। पार्टी के चुनाव अधिकारी विजय रूपाणी ने पार्टी कार्यालय में मदन राठौड़ के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। विजय रूपाणी ने कहा, ‘‘कल पांच अलग-अलग प्रस्ताव प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मिले। हमारे मुख्यमंत्री से लेकर पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने जो प्रस्ताव रखे उनमें एक ही नाम था। उन नामांकन पत्रों की जांच और केंद्र में हमारे वरिष्ठ नेताओं से बातचीत के बाद अब फैसला हो गया है और मैं घोषणा करता हूं कि मदन राठौड़ हमारे प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे।’’ 

विजय रूपाणी ने सौंपा निर्वाचन प्रमाणपत्र

विजय रूपाणी ने मदन राठौड़ को निवार्चन प्रमाणपत्र भी सौंपा। इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान से पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के 25 सदस्यों के नाम भी घोषित किए। ये सदस्य राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया में शामिल होंगे। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी व प्रेमचंद बैरवा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, डॉ सतीश पूनिया व सीपी जोशी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, ओंकार सिंह लखावत, नारायण पंचारिया, सीआर चौधरी, अलका गुर्जर, अनीता भदेल, अजय पाल सिंह, निर्मल कुमावत, प्रसनजीत मेहता, मदन दिलावर, जोगाराम पटेल, अनीता गुर्जर, प्रभु लाल सैनी, रमेश यादव, जसवंत सिंह गुर्जर, रामकिशोर मीणा, प्रताप लाल और ओमप्रकाश शामिल हैं। 

सीएम ने भी दी बधाई

विजय रूपाणी ने बैठक में कहा, ‘‘पूरे देश में कमल खिल चुका है। इसका कारण हमारा संगठन है। इन्ही कार्यकर्ताओं की बदौलत देश ही नहीं, भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। भाजपा ही ऐसी राजनीतिक पार्टी है जहां वंशवाद या परिवारवाद नहीं चलता।’’ पार्टी के बयान के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, ‘‘संगठन और सरकार एक दूसरे के पूरक हैं। संगठन और सरकार जब कार्य करती है तो जनसेवा होती है। हमारे कार्यकर्ताओं ने अपनी कई पीढ़ियां जनसंघ, जनता पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के लिए खपा दी। राजस्थान के कार्यकर्ताओं की टोली पर हमें विश्वास है। इन कार्यकर्ताओं की बदौलत हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास के विजन को पूरा करेंगे।’’ 

वसुंधरा राजे ने की प्रशंसा

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने मदन राठौड़ की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘राठौड़ एक कर्मठ, समर्पित, संस्कारित, सेवाभावी और ईमानदार कार्यकर्ता हैं। इन सबके चलते ही देश के सबसे बड़े प्रदेश की जिम्मेदारी उनको मिली है। ऐसे में हम सभी को उम्मीद के साथ पूरा विश्वास है कि राठौड़ सबको साथ लेकर चलेंगे।’’ पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि मदन राठौड़ ने सात माह में अपनी मेहनत से, समर्पण भाव से, निष्ठा से, व्यवहार कुशलता से और जनता व कार्यकर्ताओं के साथ 'चरैवेती-चरैवेती' के सिद्धांत पर कार्य किया। अग्रवाल ने कहा, ''इनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश अध्यक्ष के नामांकन में तीन लोगों ने इच्छा जताई लेकिन कार्यालय आने के बाद उन्होंने स्वेच्छा से आवेदन करने से मना कर दिया।'' (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

भूख से तड़पती रही बीमार मां, शख्स ने घर में बंद किया और बीवी-बच्चों के साथ चला गया महाकुंभ

BJP अध्यक्ष नड्डा ने महाकुंभ में लगाई आस्था की डुबकी, 60 करोड़ के पार पहुंचा श्रद्धालुओं का आंकड़ा