A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. मां की हत्या करने के बाद शख्स ने किया सुसाइड, ट्रेन के आगे कूदकर दी जान; जांच में जुटी पुलिस

मां की हत्या करने के बाद शख्स ने किया सुसाइड, ट्रेन के आगे कूदकर दी जान; जांच में जुटी पुलिस

राजस्थान के जयपुर में एक व्यक्ति ने अपनी मां की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

मां की हत्या करने के बाद शख्स ने किया सुसाइड।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE मां की हत्या करने के बाद शख्स ने किया सुसाइड।

जयपुर: राजस्थान के जयपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद भी सुसाइड कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले चाकू से अपनी मां की गला रेत कर हत्या की। इसके बाद उसने शव को कमरे में बंद कर दिया और फिर खुद ट्रेन के सामने आ गया। पुलिस को घटना की जानकारी तब मिली, जब उन्हें रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली। जांच में मां की हत्या के बाद आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया। फिलहाल मामले दर्ज कर पुलिस इसकी वजह जानने का प्रयास कर रही है।

चाकू से गला रेत कर की हत्या

पुलिस के अनुसार, मृतक बेटे की पहचान अभिजीत के रूप में हुई है। पुलिस ने आशंका जताई कि उसने मुहाना थाना क्षेत्र के पार्श्वनाथ कॉलोनी में अपने किराए के फ्लैट के अंदर अपनी 68 वर्षीय मां पुष्पांजलि की गर्दन पर चाकू से वार किया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद वह कमरे को बंद करके चला गया और रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या कर लिया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ललित कुमार शर्मा ने बताया कि मामला सोमवार को तब प्रकाश में आया जब जवाहर सर्किल पुलिस को ब्रेन टावर अस्पताल के पास एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली। 

सड़ी-गली अवस्था में मिला शव

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ललित कुमार शर्मा ने बताया, "मौके पर पहुंचने पर, उन्हें उसकी जेब से दस्तावेज और घर की चाबियां मिलीं, जिससे हमें उसकी पहचान अभिजीत के रूप में करने में मदद मिली।" इसके बाद पुलिस ने कॉलोनी में पता लगाया। उन्होंने बताया कि जब पुलिस की टीम फ्लैट पर पहुंची तो उन्होंने उसकी मां का शव सड़ी-गली अवस्था में पाया। घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद किया गया है। 

वजह पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस ने कहा, "शव की स्थिति से पता चलता है कि शव मिलने से कम से कम एक दिन पहले उसकी मौत हो चुकी थी।" पुलिस ने बताया कि अभिजीत पहले एक कॉल सेंटर में काम करता था, लेकिन घटना के समय वह बेरोजगार था। मामला दर्ज कर लिया गया है और अपराध के पीछे के मकसद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। (इनपुट- पीटीआई)