1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर खूनी संघर्ष! घर में घुसकर युवक की चाकू से हत्या, परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर खूनी संघर्ष! घर में घुसकर युवक की चाकू से हत्या, परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

राजस्थान के झुंझुनुं जिले में घर में घुसकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक एक युवती के साथ लिव-इन में रह रहा था। वहीं जिस युवक ने हत्या की, युवती का उससे भी संपर्क था। फिलहाल परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।

घर में घुसकर युवक की हत्या।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT घर में घुसकर युवक की हत्या।

झुंझुनूं जिले के पिलानी कस्बे के वार्ड नंबर 18 में रविवार की रात लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक युवती के साथ रह रहे 33 वर्षीय युवक राजेश उर्फ सोनू कुमावत उर्फ माइकल पर सतीश जाट ने कथित तौर पर घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

दीवार फांदकर घर में घुसा आरोपी

जानकारी के अनुसार, रानीसती मंदिर के पास रहने वाला सतीश जाट रविवार रात करीब 10 बजे वार्ड नंबर 18 स्थित राजेश उर्फ सोनू के घर पहुंचा। आरोप है कि वह दीवार फांदकर घर में घुसा और युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को काबू कर लिया। हमले में गंभीर घायल सोनू को पहले पिलानी के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर झुंझुनूं रेफर किया गया। हालांकि, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवती के साथ रहने को लेकर रंजिश

बताया जा रहा है कि मृतक राजेश उर्फ सोनू कुमावत उर्फ माइकल मजदूरी कर आजीविका चलाता था। वह पिछले करीब छह महीने से पश्चिम बंगाल निवासी एक युवती के साथ रह रहा था। जानकारी के अनुसार, युवती पहले आरोपी सतीश जाट के साथ विवाह करके आई थी, लेकिन करीब छह महीने पहले उसे छोड़कर राजेश के साथ रहने लगी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। वहीं, मृतक के परिजनों का दावा है कि राजेश ने युवती से छह महीने पहले शादी कर ली थी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सतीश जाट को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों द्वारा पकड़े जाने के दौरान हुई मारपीट में आरोपी भी घायल हो गया, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आरोपी पेशे से ड्राइवर बताया जा रहा है। घटनास्थल का चिड़ावा सीओ गौरव गुर्जर और पिलानी सीआई अलका विश्नोई ने भी निरीक्षण किया। मृतक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। (इनपुट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

अब कुत्तों के बिस्किट भी मिलावटी! वडोदरा में अवैध रूप से चल रही फैक्ट्री के खिलाफ एक्शन, लाइसेंस रद्द होने के बावजूद चल रहा था कारोबार