A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. झुंझुनूं में कार ड्राइवर की गलती से बाइक सवार की खतरे में पड़ी जान, बीच सड़क पर जा गिरा युवक, सामने आया वीडियो

झुंझुनूं में कार ड्राइवर की गलती से बाइक सवार की खतरे में पड़ी जान, बीच सड़क पर जा गिरा युवक, सामने आया वीडियो

झुंझुनूं में एक बाइक सवार उस समय गिर गया, जब एक कार ड्राइवर दरवाजा खोल रहा है। हादसे में बाइक सवार को चोटें आई हैं लेकिन उसकी जान बच गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

जैसे ही कार का गेट खुला, सड़क के बीचों-बीच जा गिरा बाइक सवार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER जैसे ही कार का गेट खुला, सड़क के बीचों-बीच जा गिरा बाइक सवार

झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खेतड़ी रोड पर ज्वैलर्स की एक दुकान के सामने अचानक कार का गेट खुलने से पीछे से आ रहा बाइक सवार युवक जोरदार टक्कर के बाद सड़क के बीचोंबीच जा गिरा। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर अन्य कोई वाहन नहीं आ रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

इस वजह से बची युवक की जान

जानकारी के अनुसार, एक कार सड़क किनारे आकर रुकी थी। इसी दौरान चालक ने जैसे ही कार का गेट खोला, उसी समय पीछे से आ रहा बाइक सवार सीधे गेट से टकरा गया। टक्कर इतनी अचानक थी कि युवक संभल नहीं पाया और उछलकर सड़क के बीच जा गिरा। घटना के बाद आसपास मौजूद दुकानदार और लोग मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के वक्त सड़क पर ज्यादा ट्रैफिक नहीं था, जिससे युवक की जान बच गई।

घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कार का गेट खुलते ही बाइक सवार उससे टकराकर सड़क पर गिर जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खेतड़ी रोड शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। ऐसे में वाहन चालकों को सड़क किनारे वाहन खड़ा करते समय और गेट खोलते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

चिड़ावा शहर की सड़कों पर ‘जंग’! खूब चले लाठी-पत्थर 

वहीं, एक अन्य घटना में झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में शुक्रवार देर रात अचानक ऐसा बवाल मचा कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। शहर की सड़कों पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और मामला इतना बढ़ गया कि लाठी-भाठा जंग शुरू हो गई।

सड़क पर काफी देर तक मारपीट और पत्थरबाजी होती रही, जिससे आसपास रहने वाले लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के लोग कौन थे और कहां से आए थे, यह किसी को समझ नहीं आया। उनकी वेशभूषा और बोलचाल से वे घुमक्कड़ या खानाबदोश लग रहे थे। घटना का हाईवोल्टेज ड्रामा काफी देर तक चलता रहा। इस दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही एक पक्ष वहां से जा चुका था। 

रिपोर्ट- अमित शर्मा, झुंझुनूं