1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. नागौर: जमीन विवाद में चार बहनों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश

नागौर: जमीन विवाद में चार बहनों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश

वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी ट्रैक्टर लेकर आता है और वीडियो बना रही बहनों को कुचलने की कोशिश करता है। सभी बहनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Nagaur attack- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बहनों पर हमला करता आरोपी

नागौर जिले के डेगाना-खाटू हाईवे स्थित मिठड़िया गांव में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जमीन विवाद के चलते पिता-पुत्र ने चार बहनों को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की और विरोध करने पर उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में चारों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, मिठड़िया निवासी भंवरलाल और उसके बेटे गजेंद्र के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों ने रातों-रात बहनों के खेत पर पक्का निर्माण कर लिया था। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया तो उन्होंने पहले ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की और फिर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

पांच बहनों पर दबाव बना रहे आरोपी

पीड़िता सुमन मेघवाल ने बताया कि वे पांच बहनें हैं और कोई भाई नहीं है। उनके पिता की मौत वर्ष 2013 में हो गई थी। परिवार के पास कुल 9 बीघा जमीन थी, जिसमें से एक बीघा उनके पिता ने 2012 में बेच दी थी। उसी जमीन की सीमा को लेकर कई सालों से विवाद चल रहा है।

2017 से बढ़ा झगड़ा

साल 2017 में बेची गई जमीन के कन्वर्जन के बाद वह भंवरलाल जाट के नाम हो गई। तभी से झगड़े बढ़ते गए और अब इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

(नागौर से सुशील दिवाकर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

जयपुर: सीएम भजनलाल शर्मा ने परिवार के साथ की दिवाली की खरीदारी, रेहड़ी वालों से खरीदा सामान

भरतपुर: बेकाबू थार लील गई पूरा परिवार, बाइक सवार पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत, गुस्साए लोगों ने कार में लगाई आग