A
Hindi News राजस्थान VIDEO: हाईवे किनारे चट्टानों पर दिखा पैंथर का जोड़ा, आते-जाते लोगों ने कैमरे में किया कैप्चर

VIDEO: हाईवे किनारे चट्टानों पर दिखा पैंथर का जोड़ा, आते-जाते लोगों ने कैमरे में किया कैप्चर

बारां के शाहाबाद कस्बे के पास हाईवे किनारे स्थित चट्टानों पर एक साथ दो पैंथर दिखाई दिए। शाहाबाद घाटी में एक साथ दो पैंथरों का दिखना पहली बार हुआ है।

एक साथ दिखे दो पैंथर- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT एक साथ दिखे दो पैंथर

राजस्थान के बारां जिले में स्थित शाहाबाद कस्बे के पास नेशनल हाईवे- 27 पर शाहाबाद घाटी क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों ने एक बार फिर लोगों का ध्यान खींचा है। बुधवार को हाईवे किनारे चट्टानों पर एक साथ दो पैंथर (तेंदुए) दिखाई दिए, जिसे वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। शाहाबाद घाटी में एक साथ दो पैंथरों का दिखना पहली बार हुआ है।

शाहाबाद रिजर्व क्षेत्र से सटा इलाका

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह इलाका शाहाबाद रिजर्व कंजर्वेशन क्षेत्र से सटा हुआ है, जहां पहले भी कई बार पैंथरों की मौजूदगी देखी जा चुकी है। हालांकि, इस बार पैंथर जोड़े का एक साथ दिखाई देना वन्यजीव गतिविधियों में बढ़ोतरी का संकेत है। वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शाहाबाद रिजर्व क्षेत्र में लगभग 10 से 11 पैंथरों की मौजूदगी दर्ज की गई है।

लोगों से सतर्कता बरतने की अपील

पैंथरों के बढ़ते मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने हाईवे और आस-पास के ग्रामीण इलाकों में लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। विशेष रूप से सुबह और देर शाम के समय यात्रियों और वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक यात्रा करने की सलाह दी गई है।

पैंथर दिखने पर शांति बनाए रखें

वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। ग्रामीणों और राहगीरों से अपील की गई है कि पैंथर दिखाई देने पर शांति बनाए रखें और तुरंत विभाग को सूचना दें। शाहबाद क्षेत्र की यह वन्यजीव विविधता जहां जैविक संतुलन का प्रतीक है, वहीं आमजन की सुरक्षा भी सर्वोपरि है। ऐसे में आवश्यक है कि लोग सतर्कता और संयम के साथ व्यवहार करें।

(रिपोर्ट- राम मेहता)

ये भी पढ़ें-

देशभर में मॉनसून का असर, दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

गोरखपुर: महिला सिपाहियों के आरोपों के बाद PTI निलंबित, ADG बोले- बाथरूम में कैमरे की बात झूठी