1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. तेल-पाउडर से बने पनीर की दिल्ली-UP-हरियाणा तक हो रही थी सप्लाई, डीग में बड़ा खुलासा; 1800 किलो पनीर नष्ट

तेल-पाउडर से बने पनीर की दिल्ली-UP-हरियाणा तक हो रही थी सप्लाई, डीग में बड़ा खुलासा; 1800 किलो पनीर नष्ट

राजस्थान के डीग में दो डेयरियों पर छापा मारकर करीब 1800 किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर नष्ट किया गया। पनीर बनाने में सोयाबीन तेल, पामोलीन ऑयल और एसएमपी पाउडर का इस्तेमाल किया जा रहा था।

तेल-पाउडर से बना रहे थे पनीर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER तेल-पाउडर से बना रहे थे पनीर

राजस्थान के डीग जिले में मिलावटी पनीर के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कैथवाड़ा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पुलिस, जिला विशेष टीम (DST) और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने करीब 1800 किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर नष्ट कराया है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक पिकअप वाहन, 18 कट्टे एसएमपी पाउडर, तीन कट्टे मशीन क्लीनिंग पाउडर, 11 पीपे रिफाइंड पामोलीन ऑयल और दो पीपे सोयाबीन तेल बरामद किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों डेयरी प्लांट सील कर दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक डीग शरण गोपीनाथ के निर्देशन में 23 अक्टूबर को की गई इन कार्रवाइयों में सामने आया कि डेयरियों में सोयाबीन तेल, पामोलीन ऑयल और एसएमपी पाउडर का इस्तेमाल कर पनीर तैयार किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, तैयार माल की हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में सप्लाई की जाती थी। पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं और उनकी रिपोर्ट अलग से आएगी।

जाजमका में डेयरी पर छापा, 1600 किलो पनीर नष्ट

पहली कार्रवाई गांव जाजमका में शरीफ के मकान में संचालित मकसूद की डेयरी पर की गई। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद कैथवाड़ा थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहां पनीर तैयार करने और पैकिंग की गतिविधियां चल रही थीं। पुलिस को देखकर प्लांट से 4-5 लोग भाग निकले, जिनकी तलाश की जा रही है।

मौके पर मिले साहिल पुत्र इस्लाम निवासी गढ़ी झीलपट्टी ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया कि वह डेयरी में मुनीम का काम करता है और प्लांट मकसूद का है। पुलिस के अनुसार, यहां सोयाबीन, पामोलीन और एसएमपी पाउडर का इस्तेमाल कर पनीर तैयार किया जाता था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने पनीर और संबंधित सामग्री के नमूने लिए। इसके बाद करीब 1600 किलो पनीर मौके पर नष्ट कराया गया और साहिल को गिरफ्तार कर लिया गया।

मांची के जंगल में दूसरी डेयरी पकड़ी

दूसरी कार्रवाई मांची के जंगल में धर्मशाला गांव के पास अयूब की डेयरी पर हुई। पुलिस टीम ने मौके पर एक व्यक्ति को मशीन से तैयार पनीर निकालते हुए पकड़ा। उसकी पहचान अल्ली उर्फ अलीजान पुत्र सुब्बा, निवासी ओलंदा के रूप में हुई। बता दें कि गुजरात के सूरत में 1400 किलो नकली पनीर जब्त किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, पुछताछ में अलीजान ने कथित तौर पर बताया कि वह डेयरी में मुनीम का काम करता है। यहां भी सोयाबीन तेल, पामोलीन और एसएमपी पाउडर का इस्तेमाल कर पनीर तैयार किया जा रहा था। मौके से करीब 200 किलो पनीर, पिकअप वाहन नंबर RJ 05 GC 1551 और अन्य सामग्री जब्त की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने पनीर का नमूना लिया और करीब 200 किलो पनीर मौके पर नष्ट कराया गया।

कई राज्यों तक सप्लाई, प्लांट मालिकों की तलाश

पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 272, 274 और 110 और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 48 के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस अब कथित प्लांट संचालकों और फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें-

RJD ने नाम लिए बिना अनंत सिंह को बताया 'गद्दार', कहा, "कर्मों की मिल रही सजा"

बंगाल की खाड़ी में उठ रहा चक्रवाती तूफान, 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश में मचा सकता है तबाही!140 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं