PM मोदी ने करणी माता मंदिर में किया दर्शन-पूजन, पालना में जनसभा को किया संबोधित
'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार राजस्थान पहुंचे। बीकानेर स्थित नाल एयरबेस पर जाकर उन्होंने वायुसेना के जवानों से मुलाकात की और पाकिस्तान को सख्त संदेश देते हुए जवानों का मनोबल बढ़ाया।

'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के बाद गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार राजस्थान पहुंचे। वह राजस्थान के बीकानेर में नाल एयरबेस पर पहुंचकर पाकिस्तान समेत पूरी दुनिया को बड़ा संदेश देने वाले हैं, और साथ ही एयरफोर्स के अफसरों और जवानों का हौसला बढ़ाने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान दौरे से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें:
Live updates : PM Narendra Rajasthan Visit LIVE
-
May 22, 2025 1:03 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
अब पाकिस्तान के साथ न ट्रे़ड होगा और न टॉक: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'अब पाकिस्तान के साथ न ट्रे़ड होगा और न टॉक। अगर बात होगी तो सिर्फ PoK की। पाकिस्तान ने अगर आतंकियों को एक्सपोर्ट करना जारी रखा तो उसको पाई-पाई के लिए मोहताज होना होगा। पाकिस्तान को भारत के हक का पानी नहीं मिलेगा। भारतीयों के खून से खेलना, पाकिस्तान को अब महंगा पड़ेगा। ये भारत का संकल्प है और दुनिया की कोई ताकत हमें इस संकल्प से डिगा नहीं सकती हैं।'
-
May 22, 2025 1:02 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'मोदी का दिमाग ठंडा रहता है, लेकिन मोदी का लहू गर्म होता है'
पीएम मोदी ने कहा, 'पाकिस्तान एक बात भूल गया कि अब मां भारती का सेवक मोदी यहां सीना तानकर खड़ा है। मोदी का दिमाग ठंडा है, ठंडा रहता है, लेकिन मोदी का लहू गर्म होता है। अब तो मोदी की नसों में लहू नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है। अब भारत ने दो टूक साफ कर दिया है, हर आतंकी हमले की पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। और ये कीमत पाकिस्तान की सेना चुकाएगी, पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था चुकाएगी।'
-
May 22, 2025 1:00 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
भारत पर आतंकी हमला हुआ तो करारा जवाब मिलेगा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'आतंक का फन कुचलने की यही नीति है, यही रीति है। यही भारत है, नया भारत है। ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद से निपटने के तीन सूत्र तय कर दिए हैं। पहला- भारत पर आतंकी हमला हुआ तो करारा जवाब मिलेगा। समय हमारी सेनाएं तय करेंगी, तरीका भी हमारी सेनाएं तय करेंगी और शर्तें भी हमारी होंगी। दूसरा- एटम बम की गीदड़ भभकियों से भारत डरने वाला नहीं है। तीसरा- हम आतंक के आकाओं और आतंक की सरपरस्त सरकार को अलग-अलग नहीं देखेंगे, उन्हें एक ही मानेंगे। पाकिस्तान का ये स्टेट और नॉन-स्टेट एक्टर वाला खेल अब नहीं चलेगा।'
-
May 22, 2025 12:56 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
वीरभूमि का ही ये तप है कि ऐसा संयोग बन जाता है: पीएम मोदी
बीकानेर में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'ये शोध-प्रतिशोध का खेल नहीं, ये न्याय का नया स्वरूप है। ये न्याय का नया स्वरूप है, ये ऑपरेशन सिंदूर है। ये सिर्फ अक्रोश नहीं है, ये समग्र भारत के रौद्र रूप है, ये भारत का नया स्वरूप है। पहले घर में घुसकर किया था वार, अब सीधा सीने पर किया प्रहार है।'
-
May 22, 2025 12:55 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'एयर स्ट्राइक के बाद मैं जब चुरू आया था, तो मैंने कहा था, सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा। आज मैं राजस्थान की धरती से देशवासियों से बड़ी नम्रता से कहना चाहता हूं कि जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है। जो हिंदुस्तान का लहू बहाते थे, आज कतरे-कतरे का हिसाब चुकाया है। जो सोच चुके थे कि भारत चुप रहेगा, आज वो घरों में दुबके पड़े हैं। जो अपने हथियारों पर घमंड करते थे, आज वो मलबे के ढेर में दबे हुए हैं।'
-
May 22, 2025 12:45 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
वीरभूमि का ही ये तप है कि ऐसा संयोग बन जाता है: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'ये संयोग ही है कि 5 साल पहले जब बालाकोट में देश ने एयर स्ट्राइक की थी, उसके बाद मेरी पहली जनसभा राजस्थान में ही सीमा पर हुई थी। वीरभूमि का ही ये तप है कि ऐसा संयोग बन जाता है। अब इस बार जब ऑपरेशन सिंदूर हुआ, तो उसके बाद मेरी पहली जनसभा फिर यहां वीरभूमि राजस्थान की सीमा पर बीकानेर में आप सभी के बीच हो रही है।'
-
May 22, 2025 12:40 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
देश के दुश्मनों ने देखा सिंदूर के बारूद बनने का नतीजा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, '22 तारीख के हमले के जवाब में हमने 22 मिनट में आतंकियों के 9 सबसे बड़े ठिकाने तबाह कर दिए। दुनिया ने और देश के दुश्मनों ने भी देख लिया कि जब सिंदूर बारूद बन जाता है तो नतीजा क्या होता है।'
-
May 22, 2025 12:39 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
पहलगाम में चली गोलियों से 140 करोड़ देशवासियों के सीना छलनी हुआ था: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'राजस्थान की ये वीर धरा हमें सिखाती है कि देश और देशवासियों से बड़ा और कुछ नहीं है। 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने धर्म पूछकर हमारी बहनों की मांग का सिंदूर उजाड़ दिया था। वो गोलियां पहलगाम में चली थी, लेकिन उन गोलियों से 140 करोड़ देशवासियों के सीना छलनी हुआ था। इसके बाद हर देशवासी ने एकजुट होकर संकल्प लिया था कि आतंकवादियों को मिट्टी में मिला देंगे। उन्हें कल्पना से भी बड़ी सजा देंगे।'
-
May 22, 2025 12:38 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
पाकिस्तान को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया: पीएम मोदी
'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'आज आपके आशीर्वाद से, देश की सेना के शौर्य से, हम सब उस प्रण पर खरे उतरे हैं। हमारी सरकार ने तीनों सेनाओं को खुली छूट दी। तीनों सेनाओं ने मिलकर ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया।'
-
May 22, 2025 12:29 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
भजनलाल जी की सरकार ने नई औद्योगिक नीतियां जारी की हैं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'अभी थोड़ी देर पहले ही यहां से मुंबई के लिए एक नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई है। आज ही कई इलाकों में स्वास्थ्य, जल और बिजली से जुड़ी योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इन सारे प्रयासों का लक्ष्य है कि हमारे राजस्थान के शहर और गांव तेजी से उन्नति की ओर बढ़ सकें। यहां के युवाओं को उनके शहर में ही अच्छे अवसर मिल सकें। राजस्थान के औद्योगिक विकास के लिए भी डबल इंजन सरकार तेजी से काम कर रही है। अलग-अलग सेक्टर के लिए यहां भजनलाल जी की सरकार ने नई औद्योगिक नीतियां जारी की हैं। बीकानेर को भी इन नई नीतियों का लाभ मिलेगा।'
-
May 22, 2025 12:29 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
100 से अधिक अमृत भारत स्टेशन बनकर तैयार: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीकानेर के पालना गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'हम एक साथ देश के 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बना रहे हैं। आधुनिक हो रहे इन रेलवे स्टेशनों को देश ने अमृत भारत स्टेशन का नाम दिया है। आज इनमें से 100 से अधिक अमृत भारत स्टेशन बनकर तैयार हैं। 'विकास भी-विरासत भी' मंत्र का इन अमृत भारत रेलवे स्टेशनों पर नजारा साफ-साफ दिखाई देता है। ये स्थानीय कला और संस्कृति के भी नए प्रतीक हैं।'
-
May 22, 2025 12:21 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
भारत में हो रहे इन विकास कार्यों को देखकर दुनिया भी हैरान: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आज भारत में हो रहे इन विकास कार्यों को देखकर दुनिया भी हैरान है। आज भारत अपनी ट्रेनों के नेटवर्क को भी आधुनिक कर रहा है। ये वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत ट्रेन देश की नई गति और नई प्रगति को दर्शाती हैं। अभी देश में करीब 70 रूट पर वंदे भारत ट्रेनें चल रही है। इससे दूर-सुदूर के इलाकों में भी आधुनिक रेल पहुंची है। बीते 11 साल में सैंकड़ों रोड ओवरब्रिज और रोड अंडरब्रिज का निर्माण किया गया है। 34 हजार किमी से ज्यादा के नए ट्रैक बिछाए गए हैं।'
-
May 22, 2025 12:19 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
पिछले 11 साल में अभूतपूर्व गति से काम किया गया है: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'विकसित भारत बनाने के लिए आज देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का बहुत बड़ा महायज्ञ चल रहा है। हमारे देश की सड़कें, एयरपोर्ट, रेल और रेलवे स्टेशन आधुनिक हो, इसके लिए पिछले 11 साल में अभूतपूर्व गति से काम किया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर के इन कामों पर देश पहले जितना पैसा खर्च करता था, आज उससे 6 गुना ज्यादा पैसा खर्च कर रहा है।'
-
May 22, 2025 12:13 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
विकसित भारत का संकल्प मजबूत हो रहा है: पीएम मोदी
राजस्थान के पालना गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'मैं यहां करणी माता का आशीर्वाद लेकर आपके बीच आया हूं। करणी माता के आशीर्वाद से विकसित भारत बनाने का हमारा संकल्प और मजबूत हो रहा है। थोड़ी देर पहले विकास से जुड़ी 26 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का यहां शिलान्यास, लोकार्पण हुआ है। मैं इन परियोजनाओं के लिए देशवासियों को बधाई देता हूं।'
-
May 22, 2025 11:53 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
सीएम भजनलाल शर्मा ने पीएम मोदी को किया सम्मानित
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर में 26,000 करोड़ रुपये के विकास कार्यक्रमों के उद्घाटन और शिलान्यास के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मानित किया।
-
May 22, 2025 11:40 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
पीएम मोदी ने बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित देशनोक स्टेशन का उद्घाटन किया और बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वे 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे और पलाना में एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे।
-
May 22, 2025 11:39 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
पीएम मोदी ने प्रदर्शनी का दौरा किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए 103 अमृत स्टेशनों के उद्घाटन से पहले एक प्रदर्शनी का दौरा किया। प्रधानमंत्री भारत के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में 103 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे, जिन्हें 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1,300 से अधिक स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकसित किया जा रहा है, जिन्हें क्षेत्रीय वास्तुकला को दर्शाने और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
-
May 22, 2025 11:38 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
पीएम मोदी ने करणी माता मंदिर में पूजा-अर्चना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशनोक में करणी माता मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की।