1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक माह की बच्ची को कुचला, हुई दर्दनाक मौत, मां ने जताई आपत्ति तो...

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक माह की बच्ची को कुचला, हुई दर्दनाक मौत, मां ने जताई आपत्ति तो...

अलवर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। साइबर धोखाधड़ी के आरोपी को पकड़ने के लिए एक घर में पहुंची पुलिस पर ही गंभीर आरोप लग गया। घर में खाट पर सो रही एक माह की बच्ची को कुचलने का आरोप है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

राजस्थान के अलवर जिले में पुलिस छापेमारी के दौरान एक महीने की शिशु की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने यह छापेमारी साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी को पकड़ने के लिए की थी। हालांकि, परिवार का आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों की लापरवाही की वजह से शिशु की मौत हो गई। यह घटना शनिवार को अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र के एक घर में हुई, जिसके बाद परिवार ने दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

क्या है मामला?

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह के मुताबिक, पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने के लिए परिवार के घर में पहुंची थी। इस दौरान शिशु अलिस्बा अपनी मां के पास खाट पर सो रही थी। परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने शिशु को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शिशु की मां ने जब आपत्ति जताई, तो पुलिसकर्मियों ने उसे कथित तौर पर घर से बाहर धकेल दिया। परिवार का यह भी कहना है कि छापेमारी के दौरान कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी।

न्याय की मांग

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की कथित लापरवाही के खिलाफ रविवार को अलवर पुलिस अधीक्षक के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि पुलिस का इस प्रकार का व्यवहार अस्वीकार्य है और इस मामले में जल्द न्याय मिलना चाहिए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

आकाश आनंद को हटाए जाने के बाद कांग्रेस के इस नेता ने बसपा कार्यकर्ताओं को दिया खास ऑफर, जानिए क्या कहा?

कहीं बारिश और बर्फबारी का दौर, देश के हिस्से में अभी से बढ़ गया पारा, झुलसा रही गर्मी, तापमान पहुंचा 38 के पार