1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान: पति की हत्या कर जीजा के साथ फरार हुई पत्नी, अवैध संबंधों की आग में एक घर फिर बर्बाद

राजस्थान: पति की हत्या कर जीजा के साथ फरार हुई पत्नी, अवैध संबंधों की आग में एक घर फिर बर्बाद

राजस्थान के भिवाड़ी में एक और परिवार अवैध संबंधों की आग में बर्बाद हो गया। एक पत्नी ने अपने पति की हत्या की और जीजा के साथ फरार हो गई।

Bhiwadi- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पति की हत्या कर जीजा के साथ फरार हुई पत्नी

भिवाड़ी: राजस्थान के भिवाड़ी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी, अपने पति की हत्या करके अपने जीजा के साथ फरार हो गई। मृत शख्स की उम्र महज 35 साल थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

क्या है पूरा मामला?

भिवाड़ी के संतरा कॉलोनी में मंगलवार शाम एक 35 वर्षीय व्यक्ति गुड्डू की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। मृतक बिहार के जहाजपुर जिले का रहने वाला था और 15 दिन पहले ही अपनी पत्नी बॉबी (32) के साथ संतरा कॉलोनी में किराए के कमरे में रहने आया था। घटना के बाद मृतक की पत्नी और कॉलोनी में ही रहने वाला उसका जीजा अनुज चौधरी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। मृतक का बेटा, जो भिवाड़ी की दूसरी कॉलोनी में रहता था, वह भी फरार है।

कॉलोनी की मालकिन संतरा देवी ने बताया कि गुड्डू करीब 15 दिन पहले ही उसकी कॉलोनी में रहने आया था। युवक के साथ उसकी पत्नी बॉबी भी साथ में ही रहती थी और उनके बगल में ही दूसरे कमरे में बॉबी का जीजा अनुज चौधरी भी रहता था जो सुबह से ही गायब है। युवक की पत्नी बॉबी सुबह कॉलोनी में यह कह कर गई थी कि उसका पति बीमार है और अस्पताल में एडमिट है, वह उससे मिलने के लिए जा रही है। इसके बाद वह कमरे में बाहर से ताला लगाकर चली गई।

सूचना मिलने पर यूआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। देर शाम करीब 8 बजे अलवर से FSL टीम को बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। गर्दन पर गहरी चोट और चेहरे की चमड़ी उतरी हुई थी।

यूआईटी थाना अधिकारी ने दी ये जानकारी

यूआईटी थाना अधिकारी सत्यनारायण ने बताया कि मंगलवार शाम 6 बजे सूचना मिली थी कि संतरा कॉलोनी में एक कमरे में शव पड़ा है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू भी पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। FSL जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस फरार पत्नी और जीजा की तलाश में जुट गई है।