A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान: दुल्हन शादी के 4 महीने बाद ही प्रेमी के साथ साइकिल से भागी, CCTV में कैद हुई घटना, गहने भी ले गई

राजस्थान: दुल्हन शादी के 4 महीने बाद ही प्रेमी के साथ साइकिल से भागी, CCTV में कैद हुई घटना, गहने भी ले गई

राजस्थान के जोधपुर में एक दुल्हन शादी के 4 महीने बाद ही अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। उसका प्रेमी के साथ फरार होते हुए सीसीटीवी भी सामने आया है।

Rajasthan- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT लुटेरी दुल्हन प्रेमी के साथ फरार

जोधपुर: राजस्थान के बनाड़ थाना क्षेत्र में एक कथित "लुटेरी दुल्हन" का मामला सामने आया है। चार माह पहले झारखंड से विवाह कर घर लाई गई महिला अचानक घर से गायब हो गई। पति का आरोप है कि महिला घर से नकदी और आभूषण लेकर अपने प्रेमी के साथ साइकिल पर बैठकर फरार हो गई। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

30 वर्षीय पीड़ित अमराराम सेन  पुत्र नारायणराम सेन, मूल निवासी पांचला गांव, तहसील तिवरी, हाल निवासी सारण नगर, जोधपुर ने बनाड़ थाने में रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसका विवाह करीब चार महीने पहले एक दलाल के माध्यम से झारखंड निवासी 20 वर्षीय गुंजन सिंह से हुआ था। विवाह के लिए उसने लगभग डेढ़ लाख रुपये खर्च किए थे। विवाह के बाद महिला उसके साथ जोधपुर में रह रही थी।

अमराराम के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5:20 बजे उसकी पत्नी बिना बताए घर से निकल गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। घर की जांच करने पर कुछ नकदी और चांदी के आभूषण भी गायब मिले। पीड़ित ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें महिला घर के पास खड़े एक व्यक्ति की ओर दौड़ते हुए जाती दिखाई दी। फुटेज में वह उस व्यक्ति की साइकिल पर बैठकर वहां से निकलती नजर आई।

अमराराम ने पुलिस को बताया कि उसे अपने पड़ोस में रहने वाले एक नेपाली युवक पर संदेह है। उसके अनुसार, घटना से एक रात पहले एक अज्ञात व्यक्ति उस युवक के पास आया था और घटना के बाद से वह युवक भी दिखाई नहीं दे रहा है। बनाड़ थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर महिला एवं संदिग्ध युवक की तलाश कर रही है।

इस घटना के सामने आने के बाद इलाके के लोग भी हैरानी जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि शादी के बाद प्रेमी के साथ भागना गलत है। अगर किसी और से प्रेम था तो शादी ही नहीं करनी चाहिए थी। इस तरह से तो पति का जीवन बर्बाद हो गया और समाज में भी बदनामी हो गई। (रिपोर्ट- चंद्रशेखर व्यास)