A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में बेमौसम बारिश ने तोड़ी किसानों की कमर, सीएम भजनलाल शर्मा ने फसल सर्वे के आदेश दिए

राजस्थान में बेमौसम बारिश ने तोड़ी किसानों की कमर, सीएम भजनलाल शर्मा ने फसल सर्वे के आदेश दिए

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान पर तुरंत सर्वे के आदेश दिए हैं और प्रभावित किसानों को सहायता देने का भरोसा दिया है। बता दें कि राजस्थान के कई जिलों में बारिश दर्ज हुई, तापमान सामान्य से कम रहा और अगले दिनों में मौसम मुख्यतः सूखा रहने का अनुमान है।

Rajasthan unseasonal rain, crop damage Rajasthan farmers, Bhajanlal Sharma orders survey- India TV Hindi
Image Source : PTI मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बेमौसम बारिश से फसलों के नुकसान पर सर्वे के आदेश दिए हैं।

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे असमय बारिश और ओले से हुई फसल क्षति का तुरंत सर्वे करें और अपनी रिपोर्ट जल्द सौंपें। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों का दर्द उनकी सरकार का दर्द है। उन्होंने बयान में कहा है कि बारिश और ओले से प्रभावित सभी किसानों को पर्याप्त सहायता दी जाएगी। बता दें कि राजस्थान में पिछले 24 घंटों में भी कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। स्थानीय मौसम केंद्र ने शनिवार को बताया कि झुंझुनू जिले के मंडावा में सबसे ज्यादा 18 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य से कम

बता दें कि शनिवार को राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से 2 से 8 डिग्री कम है। जैसलमेर में सबसे ज्यादा 30.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से सूखा रहेगा। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से रविवार को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज की संभावना है, जिसमें जोधपुर, बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र शामिल हैं।

आने वाले सप्ताह में हीटवेव की संभावना नहीं

मौसम विभाग ने कहा कि अगले 4 से 5 दिनों में राजस्थान के अन्य हिस्सों में मौसम ज्यादातर सूखा रहेगा और आने वाले सप्ताह में हीटवेव की कोई संभावना नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अचानक हुई बारिश ने कई इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने किसानों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए त्वरित सर्वे और सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि फसल नुकसान की भरपाई समय पर हो सके। राजस्थान सरकार का यह कदम उन किसानों को राहत पहुंचा सकता है जिन्हें बारिश की वजह से फसलों का नुकसान हुआ है।