1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. शोकसभा के लिए बन रही उबलती दाल के बड़े भगोने में गिरने से 5 साल के बच्चे की मौत, मचा हड़कंप, जानें पूरा मामला

शोकसभा के लिए बन रही उबलती दाल के बड़े भगोने में गिरने से 5 साल के बच्चे की मौत, मचा हड़कंप, जानें पूरा मामला

राजस्थान के बीकानेर में एक दर्दनाक घटना घटी। यहां शोकसभा के लिए बनाए जा रहे भोजन के दौरान एक 5 साल का बच्चा उबलती हुई दाल में गिर गया। इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।

Bikaner- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV 5 साल का बच्चा उबलती हुई दाल में गिर गया

Highlights

  • राजस्थान के बीकानेर जिले का है ये मामला
  • दादा की शोकसभा में आए रिश्तेदारों के लिए पक रहा था खाना
  • उबलती दाल के बड़े भगोने में गिरा 5 साल का बच्चा

बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक उबलती दाल के भगोने में गिरने से 5 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

क्या है पूरा मामला?

मामला राजस्थान के बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के उदरासर गांव का है। यहां दादा की शोकसभा में आए रिश्तेदारों के लिए खाना पक रहा था। इस दौरान एक बड़े बर्तन में दाल उबल रही थी। इसी दौरान 5 साल का बच्चा संकेत दौड़ते हुए वहां पहुंचा और उबलती दाल के बर्तन में गिर गया।

जैसे ही बच्चा बर्तन में गिरा तो मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग मौके पर भागे। यहां पाया गया कि बच्चा 90 फीसदी से ज्यादा झुलस गया था। आनन-फानन में बच्चे को नजदीकी हॉस्पिटल में ले जाया गया। लेकिन बच्चे की हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के प्रिंस बिजय सिंह मोमोरियल अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

उपचार के दौरान बच्चे की मौत हो गई। बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे के पिता मजदूरी करते हैं। मृत बच्चा 3 भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। बच्चे का बड़ा भाई 7 साल बड़ा है और उसकी छोटी बहन 3 साल छोटी है। 

पुलिस ने क्या बताया?

इस घटना पर सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार का बयान भी सामने आया है। राजकुमार ने बताया कि मृतक बच्चे का नाम संकेत था। उसके दादा कानाराम मेघवाल का 26 जुलाई को निधन हुआ था, ऐसे में उनके निधन के 8वें दिन 2 अगस्त को शोकसभा का आयोजन किया गया था। 

पुलिस ने बताया कि शोकसभा में आने वाले लोगों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। इस दौरान संकेत मौके पर खेलते हुए उबलती हुई दाल के बड़े बर्तन में गिर गया। अचानक घटी इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और लोग फौरन संकेत को लेकर नजदीकी हॉस्पिटल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को बीकानेर के प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल अस्पताल रेफर किया गया।

हालांकि बच्चे के बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- 

एम्बुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से बच्चे की मौत, सिर्फ एक दिन का था मासूम