झुंझुनूं जिले की खेतड़ी नगरपालिका में चेयरमैन पद को लेकर चुनावी तस्वीर अब लगभग साफ हो गई है। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से गीता सैनी ने एकमात्र नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में यदि नाम वापसी की अवधि में कोई नया घटनाक्रम नहीं होता है तो गीता सैनी का निर्विरोध चेयरमैन बनना तय माना जा रहा है। खास बात यह है कि गीता सैनी ने नगरपालिका चुनाव में वार्ड 5 से कांग्रेस के टिकट पर 178 वोटों से जीत दर्ज की थी।
कांग्रेस के टिकट पर जीतीं, अब भाजपा के साथ
खेतड़ी नगरपालिका के 25 वार्डों के चुनाव परिणाम में भाजपा को 8, कांग्रेस को 4 और निर्दलीय प्रत्याशियों को 13 वार्डों में जीत मिली। कांग्रेस के पास महज चार पार्षद रह जाने के बाद चेयरमैन पद के लिए समीकरण पूरी तरह बदल गए। इसी बीच गीता सैनी ने ऐनवक्त पर भाजपा का दामन थामते हुए भाजपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। भाजपा ने अपने 8 पार्षदों के साथ निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से गीता सैनी के पक्ष में शक्ति प्रदर्शन किया।
नामांकन के आखिरी दिन बदली तस्वीर
बताया जा रहा है कि नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तक चेयरमैन पद को लेकर अलग-अलग चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन अंतिम समय में गीता सैनी के भाजपा के साथ आने से पूरा सियासी गणित बदल गया। कांग्रेस के टिकट पर पार्षद का चुनाव जीतने वाली गीता सैनी अब भाजपा की ओर से चेयरमैन पद की प्रत्याशी हैं। गीता सैनी इससे पहले भी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर खेतड़ी नगरपालिका की निर्वतमान चेयरमैन रह चुकी हैं। ऐसे में उनका एक बार फिर चेयरमैन की कुर्सी तक पहुंचना भी क्षेत्र की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।
18 सितंबर के बाद हो जाएगा ऐलान
एसडीएम सुनील कुमार चौहान के अनुसार चेयरमैन पद के चुनाव के लिए 21 सितंबर की तारीख निर्धारित थी। लेकिन अब तक केवल एक ही नामांकन दाखिल हुआ है। 18 सितंबर को नाम वापसी का समय समाप्त होने के बाद गीता सैनी को निर्विरोध चेयरमैन घोषित कर दिया जाएगा। ऐसा होने पर खेतड़ी नगरपालिका के इतिहास में पहली बार चेयरमैन पद पर निर्विरोध निर्वाचन दर्ज होगा। कांग्रेस के टिकट पर पार्षद बनी गीता सैनी का भाजपा समर्थित प्रत्याशी के तौर पर चेयरमैन बनना इस पूरे घटनाक्रम को और भी सियासी रूप से चर्चित बना रहा है। (रिपोर्ट: अमित शर्मा)
ये भी पढ़ें- अजमेर मेयर चुनाव में रोचक हुआ मुकाबला, बीजेपी-कांग्रेस ने उतारे महिला प्रत्याशी; दोनों के पास बहुमत नहीं
राजस्थान नगर निकाय चुनाव: वोटिंग के बाद मां की मौत, एक वोट से जीत गया बेटा, भाजपा को हराया