A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान: जयपुर में कार और ट्रेलर में जोरदार टक्कर, खाटू श्याम जा रहे पांच लोगों की मौत

राजस्थान: जयपुर में कार और ट्रेलर में जोरदार टक्कर, खाटू श्याम जा रहे पांच लोगों की मौत

जयपुर के नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया है, कार और ट्रेलर के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है।

जयपुर में भीषण सड़क हादसा- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL MEDIA जयपुर में भीषण सड़क हादसा

जयपुर में नेशनल हाइवे पर बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। मिली जानकार के मुताबिक जयपुर के  मनोहरपुर-दौसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार और ट्रेलर के बीच हुई जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक 12 महीने का बच्चा और दो महिलाएं भी शामिल हैं। कहा जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग खाटू श्याम मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं और जिस गाड़ी से ये लोग जा रहे थे, उस गाड़ी में उत्तर प्रदेश का नंबर प्लेट लगा है।

कार के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार और ट्रेलर के बीच की टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर रोड से नीचे उतरकर पलट गया। वहीं कार से शवों को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस सड़क दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

यूपी का परिवार आया था घूमने
रायसर थाना अधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि नेशनल हाइवे पर ये सड़क हादसा रविवार की सुबह करीब 8 बजे मनोहरपुर-दौसा के बीच हुआ है। उन्होंने बताया कि यूपी के लखनऊ का एक परिवार घूमने के लिए राजस्थान आया हुआ था। परिवार में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल था। परिवार के पांचों लोग सुबह कार से दौसा की ओर से खाटूश्यामजी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान नेकावाला टोल के पास उनकी कार ट्रेलर से जा टकराई और ये हादसा हो गया।

हादसे के बाद मची चीख पुकार
कार और ट्रेलर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में बैठे सभी पांच लोग कार में बुरी तरह फंस गए थे। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई और घटना  की सूचना मिलने पर रायसर पुलिस मौके पर पहुंची। हो सकता है कि ओवरटेक करने के कारण ये हादसा हुआ हे। फिलहाल हादसे की कारणों की जांच की जा रही है।