A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. महिला की 4 महीने पहले हुई थी शादी, एक समारोह में डांस करते समय अचानक हो गई मौत, सामने आया VIDEO

महिला की 4 महीने पहले हुई थी शादी, एक समारोह में डांस करते समय अचानक हो गई मौत, सामने आया VIDEO

राजस्थान के जालोर में एक महिला की डांस करते समय मौत हो गई। उसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह डांस करते हुए और फिर अचानक जमीन पर गिरते हुए दिख रही है।

Jalore- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT डांस करते-करते हुई मौत

जालोर: राजस्थान के जालोर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की डांस करते समय अचानक मौत हो गई। घटना से मौके पर मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

क्या है पूरा मामला?

जालोर जिले के बागोड़ा उपखंड क्षेत्र के नई मोरसीम गांव में चल रहे शादी समारोह के बीच उस समय मातम छा गया, जब एक विवाहिता डांस करते-करते अचानक बेहोश होकर गिर गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। 

जानकारी के अनुसार, नई मोरसीम गांव निवासी लुम्भाराम पुत्र जवाराम पुरोहित के परिवार में मांगलिक कार्यक्रम चल रहे थे। परिवार में बेटी ममता की शादी मंगलवार को प्रस्तावित थी, जिसकी बारात खिरोड़ी से आने वाली थी। वहीं बेटे का विवाह 1 मई को होना तय था। घर में रिश्तेदारों और परिजनों का जमावड़ा लगा हुआ था और शादी की तैयारियां जोरों पर थीं।

इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वाटेरा निवासी दीपिका अपने माता-पिता और बहन के साथ सोमवार को अपने मामा के घर नई मोरसीम पहुंची थी। दीपिका की शादी करीब चार महीने पहले तातोड़ निवासी दिलीप कुमार के साथ हुई थी। विवाह के बाद यह उसका पहला बड़ा पारिवारिक आयोजन बताया जा रहा है।

सोमवार रात बंदोली कार्यक्रम के दौरान घर में गीत-संगीत और नृत्य का माहौल था। महिलाएं और परिवारजन खुशी के साथ कार्यक्रम में शामिल थे। इसी दौरान दीपिका भी परिजनों के साथ डांस कर रही थी। अचानक नृत्य करते समय उसे चक्कर आया और वह वहीं गिरकर अचेत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत उसे मोरसीम के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे आगे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे बागोड़ा अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही दीपिका ने दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग स्तब्ध रह गए। जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी के गीत गूंज रहे थे, वहां देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने बताया कि दीपिका पूरी तरह स्वस्थ नजर आ रही थी और खुशी-खुशी कार्यक्रम में भाग ले रही थी। उसकी अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। गांव में भी इस दुखद घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।
(रिपोर्ट- हीरालाल)