1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान से हैरान करने वाली खबर, महिलाओं का हुलिया बनाकर जंगल में छिपे थे बदमाश, पुलिस ने 5 को दबोचा

राजस्थान से हैरान करने वाली खबर, महिलाओं का हुलिया बनाकर जंगल में छिपे थे बदमाश, पुलिस ने 5 को दबोचा

राजस्थान के डूंगरपुर में पुलिस ने 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश जंगल में महिलाओं का हुलिया बनाकर छिपे हुए थे।

 Dungarpur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT राजस्थान के डूंगरपुर में पुलिस ने 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया

डूंगरपुर: राजस्थान के डूंगरपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां राहगीरों से लूट के मामले का चौराासी थाना पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए महिलाओं का वेश धारण कर लाडसौर के जंगल और पहाड़ियों में छिपे हुए थे।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे गोरादा घाटा के पास पांच बदमाशों ने राहगीरों को रोककर मारपीट की और करीब 5 हजार रुपये नकद व दो मोबाइल फोन लूट लिए थे।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के जंगल में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद दबिश देकर पांचों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो पावर बाइक भी जब्त की गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाडसौर निवासी शैलेश, विजय, राहुल, डूंगर और ताराचंद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार की है। पुलिस अब अन्य वारदातों और लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।

इस मामले में चौरासी थाना के थानाधिकारी, रतनलाल जटीया का बयान सामने आया है।

इससे पहले राजस्थान के उदयपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया था। यहां दो गुटों के बीच आपसी रंजिश में एक युवक के घर पर जाकर कार पर पथराव हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने भागने के दौरान स्कार्पियो से एक महिला को कुचल दिया था, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।

पुलिस ने बताया था कि 2 युवकों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी वजह से ये घटना घटी और बदमाशों को रोकने के दौरान एक महिला स्कॉर्पियों के सामने आ गई, जिसमें उसकी मौत हो गई। महिला को हॉस्पिटल ले जाया गया था लेकिन उसकी जान बचाई न जा सकी। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिसबल पहुंचा था और जांच शुरू कर दी गई थी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है और लोग पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।  (रिपोर्ट- राजा सोनी)

ये भी पढ़ें:
राजस्थान में SDM को थप्पड़ मारने वाले नरेश मीणा को फिर जेल, मीडिया के सामने दिया दर्दभरा बयान