1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने जहर पीने से पहले बनाया VIDEO, ट्रोलिंग से परेशान होकर उठाया कदम

राजस्थान: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने जहर पीने से पहले बनाया VIDEO, ट्रोलिंग से परेशान होकर उठाया कदम

जोधपुर में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने जहर पी लिया लेकिन जहर पीने से पहले उसने वीडियो बनाया। महिला इंफ्लुएंसर को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है।

Social media influencer- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने जहर पी लिया

जोधपुर: सोशल मीडिया ट्रोलिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न के बढ़ते मामलों के बीच जोधपुर से एक चिंताजनक घटना सामने आई है। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अनीता विश्नोई ने ऑनलाइन ट्रोलिंग से आहत होकर जहर पी लिया, जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें एमडीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। परिजनों का आरोप है कि लगातार सोशल मीडिया ट्रोलिंग, आपत्तिजनक टिप्पणियों और कथित धमकी भरे संदेशों के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं।

कपड़े हो गए छोटे की थीम पर बनाया था वीडियो

अनीता ने हालही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था जिसमें लगातार छोटे हो रहे कपड़ों पर उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा था कि "कपड़े हो गए छोटे, शर्म कहां से आए, रोटी हो गई ब्रेड तो ताकत कहां से आए, फूल हो गए प्लास्टिक के तो खुशबू कहां से आए, चेहरा हो गया मेकअप का तो सादगी कहां से आए और खाना हो गया होटल का तो स्वाद कहां से आए?"

इसके बाद अनीता लगातार सोशल मीडिया पर महिला इनफ्लुएंसर्स के निशाने पर आ गई। इस बीच पुरुष भी उन्हें ट्रोल करने में पीछे नहीं रहे। वे लगातार ट्रोलर्स को जवाब देते-देते थक गईं थी। आखिर में उन्होंने हार मान ली और आज कीटनाशक का सेवन कर लिया।

फिलहाल अनीता मथुरादास माथुर अस्पताल के एक्यूट केयर वार्ड में भर्ती हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। अनीता विश्नोई, राजस्थान की संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता से जुड़े वीडियो बनाती हैं। उनके पति दीनाराम के अनुसार, हालही में पोस्ट किए गए एक वीडियो के बाद कुछ लोगों ने उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार निशाना बनाना शुरू कर दिया। परिजनों का दावा है कि ऑनलाइन ट्रोलिंग के साथ-साथ उन्हें व्हाट्सएप पर भी कथित रूप से धमकी भरे संदेश मिल रहे थे।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर ऑनलाइन उत्पीड़न और ट्रोलिंग के दुष्प्रभावों को लेकर बहस तेज हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार नकारात्मक टिप्पणियां, सार्वजनिक आलोचना और डिजिटल उत्पीड़न किसी भी व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकते हैं।

फिलहाल अनीता का उपचार जारी है और पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। समर्थकों और शुभचिंतकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उनके पति दीनाराम उर्फ दिनेश का कहना है कि लगातार लोग उन्हें ट्रोल कर रहे थे इसके साथ ही कई लोग सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें धमकियां दे रहे थे।

जहर पीने से पहले अनीता ने एक वीडियो बनाया जिसमें उन्होंने ये भी आरोप लगाया है कि कुछ समय पहले जमीन जायदाद को लेकर एक झगड़ा हुआ था और इस दौरान उन्हें धमकियां दी गई थी। अनीता का आरोप है कि 6 पुरुष और दो महिलाएं इस पूरे षडयंत्र को अंजाम दे रही हैं, जिसमें उन्हें ट्रोल कराया गया और उनकी इज्जत पर हमला बोला गया। उनका शक है कि जिस प्रकार से देश भर में वो ट्रोल हुई हैं, इसके पीछे अन्य लोगों का हाथ है। (रिपोर्ट- चन्द्रशेखर व्यास)