1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट में ISI का हाथ? शहजाद भट्टी नेटवर्क से भी जोड़कर देखी जा रही कड़ियां

राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट में ISI का हाथ? शहजाद भट्टी नेटवर्क से भी जोड़कर देखी जा रही कड़ियां

राजस्थान के श्रीगंगानगर में भारत-पाक सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हुआ है। इस ब्लास्ट में सीमेंट के दो पिलर को भारी नुकसान पहुंचा। ATS और FSL की टीम मौके पर पहुंचकर धमाके के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

rajasthan sriganganagar railway blast- India TV Hindi
Image Source : ANI राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट।

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में देर रात अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर गांव 50 जीबी के पास जोरदार ब्लास्ट हुआ। ये ब्लास्ट रात करीब 10 बजे के आस पास हुआ जिससे ट्रैक के दो सीमेंट पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। आपको बता दें कि ये घटना भारत-पाक इंटरनेशनल बॉर्डर से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर हुई जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, सूचना मिलते ही ATS, FSL, डॉग स्क्वायड और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंची और ब्लास्ट की वजहों की जांच में जुट गई। अब रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने के पीछे पाकिस्तान की ISI और आतंकी नेटवर्क की भूमिका की आशंका सामने आ रही है। जांच एजेंसियां इस साजिश की कड़ियां आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क से भी जोड़कर देख रही हैं।

रूट की सभी ट्रेनें रद्द की गईं

अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट के बाद सुरक्षा को देखते हुए रूट की सभी ट्रेनें रद्द कर दी गईं और एजेंसियां ब्लास्ट के कारणों की गहराई से जांच में जुटी हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि सीमावर्ती इलाके में इस ब्लास्ट के पीछे असामाजिक तत्वों या देशविरोधी ताकतों का क्या हाथ है। आपको बता दें कि हाल फिलहाल में अनूपगढ़ में पाकिस्तान से आरडीएक्स मंगवाने की घटना सामने आई थी। बीते दिनों बरामद हुए साढ़े सात किलो RDX का इस घटना से अभी तक कोई संबंध सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

कितना असरदार था धमाका?

सामने आई जानकारी के अनुसार, ये एक लो इंटेंसिटी का ब्लास्ट था। ब्लास्ट के बाद ट्रैक पर 2 फीट गहरा गड्ढा हो गया। 200 मीटर दूर तक धमाके की आवाज सुनी गई। धमाके के कारण रेलवे पटरी के सीमेंट के दो ब्लॉक को नुकसान पहुंचा और वहां गड्ढा हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास खेतों में रह रहे लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस के साथ-साथ अन्य सुरक्षा एवं जांच एजेंसियां मौके पर पहुंची। मामले में आगे की जांच की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे की पटरी पर टाइमर बम लगाया गया था। एटीएस टीम और बम स्क्वाड की टीम मौके पर जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- राजस्थान : चित्तौड़गढ़ में 10 किलोग्राम आरडीएक्स बरामद, पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा