A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान: टोंक, राजसमंद और पाली जिला कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिली, मचा हड़कंप

राजस्थान: टोंक, राजसमंद और पाली जिला कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिली, मचा हड़कंप

राजस्थान के टोंक, राजसमंद और पाली जिला कलेक्ट्रेट को धमकी मिली है। इन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

Rajasthan- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV टोंक कलेक्ट्रेट

जयपुर: राजस्थान के टोंक, राजसमंद और पाली जिला कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। तीनों कलेक्ट्रेट को मेल से धमकी दी गई है। इस धमकी के बाद हड़कंप मच गया है और प्रशासन अलर्ट हो गया है। 

सूचना पर बम निरोधक दस्ता पहुंचा कलेक्ट्रेट

टोंक जिला कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता कलेक्ट्रेट पहुंचा। यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। कलेक्ट्रेट का मुख्य द्वार पूरी तरह बंद किया गया। कलेक्ट्रेट में बैठे कर्मचारियों और अधिकारियों को बाहर निकाला गया। 

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने साधा निशाना

लगातार बम की धमकियां मिलने पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान के टोंक, राजसमंद, पाली और भीलवाड़ा जिलों में कलेक्ट्रेट भवनों को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी मिलना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है। दो दिन बाद देश के प्रधानमंत्री राजस्थान आने वाले हैं और उससे ठीक पहले चार जिलों में कलेक्ट्रेट भवनों को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी मिलना, प्रदेश की कानून-व्यवस्था की असलियत को उजागर करता है। आए दिन मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, अधिकारीयों को धमकियां मिल रही हैं और सरकार मौन होकर ये सब देख रही है। आज सवाल सिर्फ सुरक्षा का ही नहीं, बल्कि सरकार की विफलता, सुस्त खुफिया तंत्र और जनता की सुरक्षा के भरोसे पर उठती आशंकाओं का है।

भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट को भी बम से उड़ाने की मिली थी धमकी, निकली मॉकड्रिल

हालांकि भीलवाड़ा के कलेक्ट्रेट परिसर को भी मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस,  प्रशासन, सिविल डिफेंस सहित बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और कलेक्ट्रेट को खाली कराकर कमरे की सघन तलाशी ली। जहां तलाशी के बाद एएसपी पारस जैन ने इसे मॉकड्रिल बताया।

 (इनपुट: पुरुषोत्तम कुमार)