A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ गिरे ओले, तापमान गिरने से बढ़ी ठंड, जानें अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ गिरे ओले, तापमान गिरने से बढ़ी ठंड, जानें अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान के कई जिलों में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई। बारिश के साथ ओले गिरने से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। शनिवार को भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।

झालावाड़ में बारिश के ओले गिरे- India TV Hindi
Image Source : REPORTER झालावाड़ में बारिश के ओले गिरे

जयपुर: राजस्थान के कई जिलों में शुक्रवार को भी बारिश हुई और कई जगहों पर ओले भी गिरे। मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक पिछले 24 घंटे की अवधि में राज्य के अनेक भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की-मध्यम बारिश हुई। इसने बताया कि सर्वाधिक 25 मिलीमीटर बारिश बीकानेर के नोखा में हुई। अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो-आठ डिग्री सेल्सियस कम रहा।

शनिवार को कैसा रहेगा मौसम

वहीं एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 21-22 मार्च को भी हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा ज्यादा जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। 

बारिश होने से गिरा तापमान

जयपुर, धौलपुर, अलवर समेत प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में सिरोही में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रहा। टोंक (वनस्थली) और अलवर में 2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश और ओले गिरने से मार्च महीने में फरवरी जैसी ठंड पड़ने लगी है। 

झालावाड़ में भी बारिश, ओले गिरे

वहीं, झालावाड़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रो में आज दोपहर को अचानक बेमौसम तेज गरजना के साथ बूंदाबांदी और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंताएं बड़ा दी है। खेतो में कटी पड़ी गेंहू-चना सहित अन्य फसलें भीग गई। वहीं कई गांवों में गेहूं की फसल खेत में कटी हुई पड़ी हुई थी जो तेज गर्जना के साथ बारिश में ओलावृष्टि से भीग गई। 

किसानों ने बताया कि झालावाड़ जिले के मनोहरथाना उपखंड के जावर और कामखेड़ा क्षेत्र के बडबद, सरेड़ी,बनेठ, समरोल ठीकरिया, नांदेड़ा ,बांसखेड़ा,सेमली जागीर सहित कई ग्राम पंचायत में आसमान में काले बादल छाए रहे और तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि से फसलें भीग गई ऐसे में किसानों की चिंता बढ़ गई है। गौरतलब है क्षेत्र में इस समय सरसों, चना, गेहूं की फसल की कटाई और हड़ाई का काम तेजी से चल रहा है। बारिश और नमी के कारण फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह खराब रहा तो तैयार फसल को भारी नुकसान हो सकता है। 

(झालावाड़ से अनीस की रिपोर्ट के साथ)