1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में दिखा कश्मीर जैसा नजारा, मौसम ने अचानक बदली करवट, कभी देखा नहीं होगा ऐसा वीडियो

राजस्थान में दिखा कश्मीर जैसा नजारा, मौसम ने अचानक बदली करवट, कभी देखा नहीं होगा ऐसा वीडियो

राजस्थान के जैसलमेर और बीकानेर में अचानक मौसम बदलने से तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई है। खेतों में ओलों की चादर बिछने से ईसबगोल, जीरा और चने की फसलें खराब हो गईं।

Rajasthan weather update, Jaisalmer hailstorm, Bikaner rain news, Rajasthan hailstorm damage- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT राजस्थान में ओलावृष्टि के दौरान कुछ-कुछ कश्मीर जैसा नजारा देखने को मिला, हालांकि यह मौसम किसानों के लिए परेशानी लेकर आया है।

जैसलमेर: राजस्थान के जैसलमेर और बीकानेर जिलों में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली और सूबे में कई जगहों पर कश्मीर जैसा नजारा देखने को मिला। जैसलमेर के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। खासकर नहरी बेल्ट नाचना के कबीरपुरा और आसपास के क्षेत्रों में कुदरत का कहर देखने को मिला।

दोपहर के समय हुई तेज बारिश के साथ खेतों में ओलों की चादर बिछ गई। इस ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। सबसे ज्यादा नुकसान ईसबगोल, जीरा और चने की कटी हुई फसलों को हुआ है, जो खेतों में ही पड़ी थीं।

ओलों की मार इतनी तेज थी कि कई जगह फसलें गिर गईं और पानी में दबकर पूरी तरह खराब हो गईं। किसानों का कहना है कि कटाई के बाद फसल तैयार थी, लेकिन अचानक मौसम बदलने से उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ा है।

इधर बीकानेर जिले के महाजन और अर्जुनसर के बीच भी शुक्रवार दोपहर मौसम बिगड़ गया। तेज हवाओं के साथ ओले गिरे और हल्की बारिश हुई, जिससे इलाके में ठंडक बढ़ गई और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ समय तक लगातार ओलावृष्टि होती रही, जिससे सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई। किसानों के चेहरे पर चिंता साफ नजर आई, क्योंकि यह मौसम उनकी फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

मौसम विभाग ने पहले ही राजस्थान के बीकानेर संभाग समेत कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया था। विशेषज्ञों के मुताबिक यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के असर से हुआ है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, जिससे किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है।