झालावाड़ः झालावाड़ की एसपी ऋचा तोमर को ट्रांसफर के बाद अनोखी विदाई दी गई। पुलिस स्टाफ ने एसपी साहिबा को घोड़ी पर बैठाकर ढोल नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला और उन्हें फेयरवेल दिया। ऋचा तोमर को विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचे।
फेयरवेल में भावुक हो गईं ऋचा तोमर
दरअसल, ऋचा तोमर का हाल ही में आई ट्रांसफर सूची में झालावाड़ से डीडवाना एसपी के रूप में तबादला हुआ है। झालावाड़ में आयोजित विदाई समारोह में पुलिस जवानों और अधिकारियों ने फूल मालाएं पहनाई। इस कार्यक्रम के दौरान एसपी भावुक हो गईं।
ऋचा तोमर को घोड़ी पर बैठाकर बैंड बाजों के साथ घुमाया गया
वहीं पुलिस लाइन परिसर से उनके सरकारी बंगले तक एसपी ऋचा तोमर को घोड़ी पर बैठाकर बैंड बाजों के साथ घुमाया गया इस दौरान जगह-जगह आमजन ने भी उनको शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में मौजूद पुलिस के अधिकारियों ने एसपी के कार्यकाल को शानदार बताते हुए कहा कि एसपी के रूप में तो उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था को बड़े ही अच्छे से संभाला। उन्होंने पुलिसकर्मियों के हर दुख दर्द में उनका साथ दिया।
आमजन में पुलिस के ध्येय वाक्य ' अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास' को सही मायने में चरितार्थ किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ आमजन ने भी SP ऋचा तोमर की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए गुलदस्ते भेंट कर शुभकामनाएं दी।
Image Source : reporter inputझालावाड़ की एसपी ऋचा तोमर
झालावाड़ में SP ऋचा तोमर का कार्यकाल
गौरतलब है कि गत दिनों भारतीय पुलिस सेवा के 91 अधिकारियों की तबादला सूची शनिवार देर शाम जारी हुई थी। इसमें ऋचा तोमर का भी नाम था। 2016 बैच की आईपीएस अधिकारी एसपी ऋचा तोमर ने 2 जुलाई 2022 को झालावाड़ में एसपी पद पर ज्वाइन किया था। ऋचा तोमर झालावाड़ में 3 साल से ज्यादा समय एसपी के पद पर तैनात रहीं।
यहां देखें वीडियो
उनके स्थान पर अब झालावाड़ के नए एसपी 2018 बैच के आईपीएस अमित कुमार होंगे। इनको पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर पश्चिम, पुलिस आयुक्तालय से झालावाड़ लगाया है। आईपीएस अमित कुमार बुडानिया पूर्व में 8 अक्टूबर 2020 से 2 जनवरी 2022 तक झालावाड़ में डीएसपी रह चुके हैं। यहां से 3 जनवरी 2022 को इनका तबादला एएसपी के पद पर बीकानेर हुआ था।
रिपोर्ट- अनीस आलम, झालावाड़