1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. ब्रेजा की टक्कर से टुकड़ों में बंटा ट्रैक्टर, झुंझुनूं में हुए एक्सीडेंट का CCTV फुटेज आया सामने

ब्रेजा की टक्कर से टुकड़ों में बंटा ट्रैक्टर, झुंझुनूं में हुए एक्सीडेंट का CCTV फुटेज आया सामने

झुंझुनूं में एक ट्रैक्टर और ब्रेजा कार के बीच टक्कर हो गई। कार की टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रैक्टर कई टुकड़ों में बंट गया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

ब्रेजा की टक्कर से टुकड़ों में बंटा ट्रैक्टर।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ब्रेजा की टक्कर से टुकड़ों में बंटा ट्रैक्टर।

झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मंड्रेला कस्बे में झुंझुनूं-राजगढ़ मुख्य मार्ग पर मंगलवार को ब्रेजा कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद ट्रैक्टर का आगे का हिस्सा दो भागों में बंट गया, जबकि कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि दोनों वाहनों के बीच हुई टक्कर कितनी भयावह थी। 

कैसे हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार एक ट्रैक्टर-ट्रॉली झुंझुनूं की ओर से आकर मंडेलिया धर्मकांटा पर वजन कराने के लिए सड़क किनारे टर्न ले रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही ब्रेज़ा कार ट्रैक्टर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क पर दोनों वाहनों के पुर्जे बिखर गए। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। आसपास के दुकानदार और राहगीर भी मदद के लिए मौके पर पहुंचे। 

नहीं हुई कोई जनहानि

राहत की बात यह रही कि इस भीषण दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दोनों वाहनों में सवार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही मंड्रेला पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों व मलबे को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

वहीं हादसे के बाद घटना का CCTV फुटेज भी सामने आ गया है, जो पास में ही लगे कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली आगे जा रहा होता है। अचानक ट्रैक्टर सड़क पर मुड़ता है और इसी दौरान पीछे से आ रही ब्रेजा कार सीधे जाकर ट्रैक्टर से टकरा गई। वीडियो में टक्कर की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। (इनपुट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

2014 से अब तक कितने घुसपैठिए गिरफ्तार हुए? क्या चीन की तरफ से भी हुई घुसपैठ? जानें

500 साल में पहली बार बांके बिहारी को क्यों नहीं मिला समय पर भोग? VIP एंट्री और दर्शन व्यवस्था में बदलाव पर भी बड़ी खबर