1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. किशनगढ़ एयरपोर्ट पर टला बड़ा खतरा, इमरजेंसी अलर्ट के बीच ट्रेनी विमान की सुरक्षित लैंडिंग

किशनगढ़ एयरपोर्ट पर टला बड़ा खतरा, इमरजेंसी अलर्ट के बीच ट्रेनी विमान की सुरक्षित लैंडिंग

किशनगढ़ एयरपोर्ट पर जारी इमरजेंसी अलर्ट के बीच ट्रेनी विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। विमान के टायर में डैमेज होने के कारण एयरपोर्ट पर इमरजेंसी के हालात बने। फ्यूल कम होने के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

किशनगढ़ एयरपोर्ट पर ट्रेनी विमान की इमरजेंसी लैंडिंग- India TV Hindi
Image Source : REPORTER किशनगढ़ एयरपोर्ट पर ट्रेनी विमान

अजमेर। किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ट्रेनी विमान के टायर में डैमेज होने की सूचना के बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया। विमान में तकनीकी खराबी की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सतर्क हो गई। पायलट की सूझबूझ और सावधानी से बड़ा हादसा टल गया और विमान को सुरक्षित उतार लिया गया।

ट्रेनी विमान के टायर में खराबी आने के बाद उसकी सुरक्षित लैंडिंग को लेकर स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई थी। विमान में उस समय पर्याप्त मात्रा में ईंधन मौजूद था। ऐसे में पायलट ने तत्काल लैंडिंग करने के बजाय विमान को कुछ समय तक आसमान में चक्कर लगाकर उड़ाया ताकि ईंधन की मात्रा कम की जा सके। इस दौरान एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की पूरी तैयारियां की गईं।

पायलट ने सूझबूझ से लिया फैसला

फ्यूल की मात्रा कम होने के बाद पायलट ने विमान को सावधानीपूर्वक किशनगढ़ एयरपोर्ट की ओर लाया और सुरक्षित लैंडिंग कराई। विमान के रनवे पर उतरते ही एयरपोर्ट प्रशासन एयरपोर्ट अथॉरिटी और अन्य संबंधित अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इमरजेंसी अलर्ट को देखते हुए एयरपोर्ट पर सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाएं पहले से सक्रिय कर दी गई थीं। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। 

घटना के दौरान एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल रहा लेकिन किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। पायलट की सतर्कता और समय रहते उठाए गए कदमों के कारण संभावित खतरे को टाल दिया गया। विमान के टायर में डैमेज होने के कारणों और तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है।

रिपोर्टः राजकुमार वर्मा, अजमेर