झुंझुनूं जिले में शनिवार देर रात चिड़ावा-सिंघाना रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ये हादसा गाड़ाखेड़ा चौकी के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और बोलेरो गाड़ी की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बोलेरो सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। शवों को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। हादसे के बाद पुलिस की टीम ने यातायात को सुचारू कराया।
चिड़ावा से सिंघाना जा रही थी बोलेरो
मिली जानकारी के अनुसार, बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सिंघाना से चिड़ावा की ओर आ रही थी। वहीं, बोलेरो गाड़ी चिड़ावा से सिंघाना की तरफ जा रही थी। इसी दौरान गाड़ाखेड़ा चौकी के पास बोलेरो गाड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। हादसे में बोलेरो सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के चालक रमेश कुमार और ईएमटी भलेश मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तत्काल चिड़ावा उप जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह, कांस्टेबल पवन और चालक यशपाल भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
बोलेरो सवार दो की मौत
चिड़ावा उप जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने दीपक पुत्र सुभाष पायल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं रेफर किया गया। इस दौरान घायल विकास पुत्र महेंद्र पायल ने भी झुंझुनूं ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में दो युवकों की मौत से गांव में शोक की लहर छा गई। चारों युवक ढाढ़ोत के निवासी बताए जा रहे है। वहीं हादसे में घायल अन्य दो युवकों की स्थिति ठीक बताई जा रही है। दोनों मृतकों के शव चिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। रविवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस हादसे से संबंधित आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। (इनपुट- अमित शर्मा)
यह भी पढ़ें-
देश में आ रहा नया चक्रवाती तूफान, MP समेत कई राज्यों में फिर होने वाली है झमाझम बारिश, 50 किमी की स्पीड से चलेंगी हवाएं