जयपुर: इस वक्त की बड़ी खबर राजस्थान की राजधानी जयपुर से सामने आ रही है। यहां एक फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से दो लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना जयपुर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र की बताई जा रही है। यहां फैक्ट्री में कल देर शाम को हादसा तब हुआ जब फैक्ट्री में ऑक्सीजन गैस भरने के दौरान सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होने से फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक शख्स की मौत हो गई। एक घायल का इलाज चल रहा है।
ऑक्सीजन बॉटलिंग प्लांट में धमाका
विश्वकर्मा पुलिस स्टेशन के SHO रविंद्र नारुका ने बताया, "हमें शाम करीब 7:50 बजे एक ऑक्सीजन बॉटलिंग प्लांट में धमाके की जानकारी मिली। हम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और दो घायल लोगों को पाया, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कुल मिलाकर दो लोगों की मौत हुई है। एफएसएल की टीमें दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही हैं।"
घरों की खिड़कियां टूटी
वहीं एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, "जब सिलेंडर फटा, तो लोहे के ये टुकड़े उड़कर हमारे घरों में आ गए। हम सब डर गए थे, इन टुकड़ों की वजह से हमारी खिड़कियां टूट गईं। इससे किसी की जान भी जा सकती थी।" बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में जोरदार आवाज के साथ ये धमाका हुआ। धमाके से मलबा काफी दूर तक फैल गया। धमाका होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने-अपने घरों को छोड़कर बाहर भागने लगे। इस घटना के बाद अब लोग इस फैक्ट्री को रिहायशी इलाके से हटाने की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें-
दर्दनाक हादसा! ई-ट्राइसाइकिल की बैटरी में ब्लास्ट, दिव्यांग टीचर की जिंदा जलने से हुई मौत
नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस छोड़ी, कहा- "यहां कोई आशाजनक नेता नजर नहीं आता", प्रदेश अध्यक्ष पर भी निकाली भड़ास