1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. उदयपुर में ज्वैलरी शोरूम से करीब 1 करोड़ के गहने चोरी, CCTV में कैद हुई घटना, आधी रात को नाले की ओर से आए चोर

उदयपुर में ज्वैलरी शोरूम से करीब 1 करोड़ के गहने चोरी, CCTV में कैद हुई घटना, आधी रात को नाले की ओर से आए चोर

सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि चोर आधी रात को नाले की ओर से आए। शटर उखाड़कर कांच तोड़ा और शोरूम के अंदर घुस गए। इसके बाद 22 लाख के डायमंड, 390 ग्राम सोने के जेवरात और 12 किलो चांदी के जेवरात चोरी करके ले गए।

Showroom theft- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT शोरूम में चोरी करते चोर

राजस्थान के उदयपुर में एक ज्वेलरी शोरूम का शटर तोड़कर चोर करीब एक करोड़ रुपये के गहने चोरी कर ले गए। घटना हाथीपोल थाना क्षेत्र की है। पंचवटी स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान में रात्रि के समय में चोरों ने धावा बोला। वह दुकान का शटर उखाड़ कर और कांच तोड़कर करीब 1 करोड़ रूपए के हीरे, सोने, चांदी के जेवरात और करीब 10 लाख रूपए की नकदी चोरी कर ले गए। चोरों की यह करतूत वहां पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

पुलिस के अनुसार पंचवटी स्थित नवीन ज्वैलर्स के प्रोपराईटर नवीन सरूपरिया ने मामला दर्ज करवाया कि उसके शोरूम में 29 जुलाई की रात्रि 12 से 1 बजे के बीच चोरों ने सेंध मारी की। सुबह शोरूम पर कार्यरत बंशीलाल ने ये देखा तो चोरी की जानकारी दी। दुकान मालिक तुरंत शोरूम पहुंचा तो शोरूम का साइड वाला शटर उखड़ा हुआ था और कांच का दरवाजा टूटा हुआ था। 

सीसीटीवी में नजर आए चोर

शोरूम के मालिक ने सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी, जिसमें चार लोग नजर आए, जो जो पंचवटी पुलिया के नाले की ओर से आते हुए नजर आए। ये लोग दुकान के साइड वाले शटर को उखाड़कर और कांच का दरवाजा तोड़कर शोरूम के अन्दर प्रवेश करते हुए दिखाई दे रहे हैं। चोरों ने शोरूम से 22 लाख रूपए मूल्य के विभिन्न प्रकार के डायमंडऔर लगभग 390 ग्राम वजनी सोने के आभूषण चोर कर ले गए। इनमें 4 चैन, 1 ब्रेसलेट, 4 की पोंची, 95 ग्राम का रानीहार, 15 ग्राम का कड़ा, नाक के कांटे एवं रिंग्स, मंगलसूत्र, 97.2 ग्राम फाईन गोल्ड और सोने के अन्य गहने शामिल हैं।

12 किलो चांदी के गहने भी चोरी

चोर अपने साथ 12 किलो चांदी के आभूषण और बर्तन भी ले गए। इनमें जग सेट, गिलास, लोटे, चूडिय़ां, पायल, अंगूठी, कंदोरा, ब्रेसलेट, हार, चांदी बार, बाजू, 8 किलो चांदी के सिक्के शामिल हैं। इसके साथ ही शोरूम की विभिन्न दराजों में रखे 9 लाख 75 हजार रूपए नकद चोरी कर ले गए। शोरूम से चोर करीब 90 लाख रूपए मूल्य के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खून के धब्बे भी पड़े मिले मौके पर

चोरों द्वारा मौके पर दरवाजा तोड़ते समय किसी चोर को कांच से चोंट लग गई, जिससे खून निकल गया। इसी कारण से दरवाजे और शोरूम के अंदर खून के धब्बे पड़े हुए मिले हैं। चोरी की इस घटना का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, उसमें चोर बिना डरे और बिना अपनी पहचान छुपाए आसानी से वारदात करते हुए नजर आ रहे हैं। तीन चोरों में दो चोरों ने अपना चेहरा छिपाने तक का प्रयास नहीं किया, जबकि उन्हें पता है कि सीसीटीवी कैमरे में उनकी कारस्तानी रिकार्ड हो रही है। वहीं, तीसरे चोर ने मुंह पर रूमाल बांध रखा है।

बड़ी तसल्ली से एक-एक ड्रॉअर तलाशा

एक घंटे तक चोरों ने चोरी करने में कोई हड़बड़ी नहीं की। चोरों ने बड़ी तसल्ली से एक-एक ड्रॉअर संभाला और एक-एक शो केस खोलकर आसानी से चोरी की। चोरों में दो चोर तो शो केस से सोने-चांदी के जेवरात निकाल रहे थे तो एक चोर बैग लेकर साथ-साथ चल रहा था, जिसमें दोनों जेवरात डाल रहे थे।

(उदयपुर से भगवान प्रजापत की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, छिन गई एक परिवार की खुशियां; CCTV में कैद हुआ हादसा

राजस्थान में आवारा कुत्ते ने मचाया आतंक, बच्चे पर किया हमला, बचाने दौड़ी मां को भी नोंचा, CCTV में कैद हुई घटना