1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. भीलवाड़ा में महिला से दुष्कर्म की कोशिश, भागने के दौरान पीड़िता की ट्रैक्टर से टक्कर के बाद मौत

भीलवाड़ा में महिला से दुष्कर्म की कोशिश, भागने के दौरान पीड़िता की ट्रैक्टर से टक्कर के बाद मौत

भीलवाड़ा में महिला का शव मिलने के मामला का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। ट्रैक्टर चालक भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER पुलिस हिरासत में आरोपी

भीलवाड़ा: भीलवाड़ा जिले के मंगरोप थाना क्षेत्र में दो युवकों ने महिला से दुष्कर्म करने की कोशिश की। इस दौरान महिला आरोपियों के चुंगल से बचने के लिए भागने लगी तो उसकी टक्कर एक ट्रैक्टर से हो गई। आरोपी अपराध छिपाने के लिए महिला के शव को जंगल में फेंक कर चले गए। मामला 9 नवंबर का है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

भीलवाड़ा एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि नौ नवम्बर को मंगरोप पुलिस को माधोपुरा रोड पर रोड की साईड में एक महिला की लाश पड़ी होने की सूचना मिली। मृतका की पहचान भीलवाड़ा शहर की कोतवाली थाना क्षेत्र की कच्ची बस्ती की रहने वाली 30 वर्षीय विमला के रूप में हुई थी। मृतका के पति ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया। 

सीसीटीवी से हुई आरोपियों की पहचान

घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी पारस जैन के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी की जांच और क्षेत्र के कुछ संदिग्ध से पूछताछ की गई। घटनास्थल के आस-पास स्थित शराब के ठेकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो युवक एक अंडे की दुकान पर शराब पीते देखे गए। सीसीटीवी में दिखा कि मोटरसाइकिल पर मृतका को बीच में बिठाकर पीछे तीन लोग चितौड रोड की तरफ जाते हुए दिखाई दिए। इन तीनों में से दो की पहचान हुई। 

आरोपी और ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार

हिरासत में लेकर दोनों युवकों से पूछताछ के बाद पता चला कि वे महिला का रेप करना चाह रहे थे। आरोपियों से बचने के लिए वह भागने लगी तो एक ट्रैक्टर से उसकी टक्कर हो गई। इससे महिला की जान चली गई। टक्कर लगने से घायल महिला को ट्रैक्टर चालक ने भी इलाज के लिए कहीं नहीं ले गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को भी हिरासत में ले लिया है।

रिपोर्ट- सोमदत्त त्रिपाठी, भीलवाड़ा