1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. Video: बारिश से बचने के लिए दुकान में गए श्रद्धालु तो दुकानदारों ने दौड़ाकर पीटा, खाटूश्यामजी मंदिर परिसर में बवाल

Video: बारिश से बचने के लिए दुकान में गए श्रद्धालु तो दुकानदारों ने दौड़ाकर पीटा, खाटूश्यामजी मंदिर परिसर में बवाल

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दुकानदार श्रद्धालुओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीट रहे हैं। पुरुष श्रद्धालुओं के साथ आई महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा जा रहा। वीडियो में एक लड़की अपने हाथ की चोट दिखाती हुई नजर आ रही है।

khatushyam clash- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV खाटूश्याम मंदिर में विवाद

सीकर जिले के खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय दुकानदारों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दुकानदारों को श्रद्धालुओं पर लाठी-डंडों से हमला करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पांचवें आरोपी की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह खाटूश्यामजी में तेज बारिश हो रही थी। बाबा श्याम के दर्शन के बाद श्रद्धालु बारिश से बचने के लिए पास की दुकानों की ओर भागे। इसी दौरान एक परिवार पास की एक दुकान में शरण लेने पहुंचा। दुकानदार ने उन्हें बाहर निकलने को कहा, लेकिन बारिश की वजह से परिवार ने थोड़ी देर रुकने की गुहार लगाई।

मारपीट का वीडियो वायरल

दुकानदारों ने श्रद्धालुओं की बात नहीं मानी और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। बात बढ़ने पर दुकानदारों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जवाब में श्रद्धालुओं ने भी प्रतिरोध किया। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

श्रद्धालुओं में आक्रोश

स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं का आरोप है कि दुकानदारों ने बिना उकसावे के हमला किया, जबकि दुकानदारों का कहना है कि श्रद्धालु बिना अनुमति दुकान में घुसे और हंगामा किया। यह घटना श्रद्धालुओं में रोष का कारण बन रही है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सवाई माधोपुर निवासी मेघराज, चोमू निवासी मांगीलाल, इटावा निवासी राजकुमार और खंडेलसर निवासी राकेश के रूप में हुई है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

वायरल वीडियो में क्या?

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भारी बारिश के बीच बड़ी संख्या में भक्त दुकानों के किनारे खड़े हैं। सभी दुकानदार भी चुपचाप भक्तों के साथ हैं, लेकिन एक दुकान के बाहर मारपीट चल रही है। श्रद्धालु पूरे परिवार के साथ बारिश में भाग रहे हैं। वहीं, दुकानदार परिवार के पुरुष को दौड़ाते हुए पीट रहे हैं। जब महिला बीच-बचाव के लिए आती हैं तो उनके साथ भी मारपीट की जाती है। इन दोनों के साथ आए बच्चों के साथ भी मारपीट होती है। इस बीच एक लड़की मां को अपनी चोट दिखाती भी नजर आ रही है।

(सीकर से अमित शर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

पत्नी को सरपंच का पद दिलाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया पति, वायरल हो रहा है Video

खाटू श्याम में दुकानदारों ने श्रद्धालुओं को पीटा, बारिश में छिपने के लिए ली थी शरण; सामने आया VIDEO