A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान: अचानक मौसम ने बदला मिजाज, कई जिलों में रेतीले बवंडर ने मचाई तबाही, देखें भयावह वीडियो

राजस्थान: अचानक मौसम ने बदला मिजाज, कई जिलों में रेतीले बवंडर ने मचाई तबाही, देखें भयावह वीडियो

राजस्थान में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। आंधी तूफान के साथ कई इलाकों में बारिश हुई है। लेकिन चुरू, बीकानेर और सादुलपुर में भयावह मंजर देखने को मिला है, जहां रेतीले बवंडर ने तबाही मचाई है। देखें वीडियो...

राजस्थान में रेतीला तूफान- India TV Hindi
राजस्थान में रेतीला तूफान

राजस्थान: चुरू, बीकानेर सादुलपुर सहित आसपास के क्षेत्र में शनिवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। देखते ही देखते तेज गति से धूलभरा तूफान आ गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, दिन में ही रात जैसा नजारा दिखा। रेतीला  तूफान इतना तेज था कि आसमान धूल के गुबार से लाल नजर आने लगा और चारों ओर मिट्टी ही मिट्टी दिखाई देने लगी। अचानक आए इस बवंडर के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर चल रहे वाहन चालकों को दृश्यता कम होने से दिक्कतें हुईं, वहीं कई लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटने तथा होर्डिंग और टीनशेड क्षतिग्रस्त होने की सूचनाएं भी मिली हैं।

रेतीले बवंडर का देखें वीडियो

तूफान के दौरान बाजारों में भी लोगों की आवाजाही कम हो गई और दुकानदारों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानों के बाहर रखे सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज हवाओं के कारण किसानों और पशुपालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ ही मिनटों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया और धूल के घने गुबार ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं मिली थी, लेकिन विभिन्न स्थानों से नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं।

मौसम में आए इस अचानक बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, वहीं प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। क्षेत्रवासियों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।