Budh Gochar Rashifal: बुध ग्रह 24 अक्टूबर को बदलेंगे राशि, जानें सभी 12 राशियों पर इस गोचर का प्रभाव
Budh Gochar Rashifal: बुध ग्रह 24 अक्टूबर को दोपहर के समय वृश्चिक राशि में गोचर कर जाएंगे। बुध के गोचर के चलते सभी राशियों के जीवन पर कुछ न कुछ प्रभाव देखने को मिलेगा। आइए जान लेते हैं किन राशियों के लिए ये गोचर चुनौतीपूर्ण रहेगा और किन राशियों के लिए शुभ।

Budh Gochar Rashifal: बुध ग्रह 24 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 36 मिनट पर वृश्चिक राशि में प्रवेश कर जाएंगे। 9 नवम्बर की रात 12 बजकर 29 मिनट पर बुध वृश्चिक राशि में वक्री हो जाएंगे। वक्री गति से चलते हुए 29 नवम्बर की रात 11 बजकर 7 मिनट पर बुध पुन: वृश्चिक राशि में मार्गी हो जाएंगे। इसके बाद 29 दिसम्बर की सुबह 7 बजकर 23 तक बुध वृश्चिक राशि में ही गोचर करते रहेंगे, उसके बाद धनु राशि में प्रवेश कर जायेंगे। बुध का वृश्चिक राशि में गोचर सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहने वाला है, आइए जानते हैं।
मेष राशि- बुध आपके आठवें स्थान पर गोचर कर रहे है। जन्म पत्रिका के आठवें स्थान का सम्बन्ध हमारी आयु से है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से 29 दिसम्बर तक आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा । आपके कन्धे मजबूत होंगे और आपको गले से संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। 29 दिसम्बर तक बुध के शुभ फल बनाये रखने के लिए- एक मिट्टी के बर्तन में साबुत मूंग भरकर, उसका ढक्कन बंद करके बहते जल में प्रवाहित कर दें। इससे आपको अच्छे फल जरूर प्राप्त होंगे।
वृष राशि- बुध आपके सातवें स्थान पर गोचर कर रहे है। जन्म पत्रिका के सातवें स्थान का सम्बन्ध हमारे जीवनसाथी से है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से जीवनसाथी के साथ आपके रिश्ते बेहतर होंगे। साथ ही आपके धन में बढ़ोतरी होगी और आपको मुक़दमे आदि में किसी प्रकार की उलझन नहीं होगी। इसके अलावा 29 दिसम्बर तक समुद्री व्यापार भी आपके लिये लाभदायक रहेगा। 29 दिसम्बर तक बुध के शुभ फल बनाये रखने के लिए- सवा पांच मीटर हरा कपड़ा किसी धर्मस्थल पर दान करें। इससे आपके साथ सब बेहतर रहेगा।
मिथुन राशि- बुध आपके छठे स्थान पर गोचर कर रहे है। जन्मपत्रिका के छठे स्थान का सम्बन्ध हमारे मित्र, शत्रु तथा स्वास्थ्य से है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपके दोस्त आपका सहयोग करेंगे। आपके मुंह से निकले हुए शब्द प्रभावशाली होंगे। अगर आप धैर्य रखेंगे, तो आपको अधिक लाभ की प्राप्ति होगी। आपको व्यापार में और शिक्षा संबंधी कार्यों से में भरपूर लाभ होगा। लेखन कार्यों और कृषि कार्यों से भी फायदा मिलेगा। शत्रु पक्ष आपसे दूरी बनाकर रहेंगे। लिहाजा आज से लेकर 29 दिसम्बर तक बुध के शुभ फल बनाये रखने के लिए- 29 दिसम्बर तक गाय को हरा चारा खिलाएं । इससे आपकी स्थिति ठीक बनी रहेगी।
कर्क राशि- बुध आपके पांचवें स्थान पर गोचर कर रहे है। जन्मपत्रिका के पांचवे स्थान का सम्बन्ध हमारे संतान, बुद्धि, विवेक और रोमांस से है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपके संतान को सफलता मिलेगी। लवमेट के साथ ताल- मेल बनाकर रखें, उनके भावनाओं कि कद्र करें। इस दौरान गुरु से सहयोग पाने के लिये आपको कोशिशें करनी होंगी। लिहाजा 29 दिसम्बर तक बुध के अशुभ फलों से बचने के लिए और शुभ स्थिति सुनिश्चित करने के लिए- ऊनी वस्त्र का दान करें। इससे आपके साथ सब अच्छा ही अच्छा होगा।
सिंह राशि- बुध आपके चौथे स्थान पर गोचर कर रहे है। जन्मपत्रिका के चौथे स्थान का सम्बन्ध हमारे भवन, भूमि, वाहन तथा माता से है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपकी माता के स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। आर्थिक रूप से स्थिति अधिक ठीक नहीं रहेगी । भूमि, भवन और वाहन का लाभ पाने में भी आपको परेशानी हो सकती है । पारिवारिक सुख पाने के लिये आपको कोशिशें करनी होंगी । लिहाजा 29 दिसम्बर तक बुध के अशुभ फलों से बचने के लिए और शुभ फल सुनिश्चित करने के लिए- मन्दिर में जल दान करें और सफेद वस्त्र पहनें। इससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां दूर होगी।
कन्या राशि- बुध आपके तीसरे स्थान पर गोचर कर रहे है। जन्मपत्रिका के तीसरे स्थान का सम्बन्ध हमारे पराक्रम, भाई-बहन तथा यश से है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से भाई-बहनों के साथ आपके रिश्ते अच्छे होंगे। जीवनसाथी के साथ ताल-मेल बना रहेगा। परिवार में बढ़ोतरी होगी। आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। आपके पास पैसों की कमी नहीं होगी। आपका स्वास्थ्य भी अच्छा बना रहेगा। लिहाजा 29 दिसम्बर तक बुध के शुभ फल बनाये रखने के लिए- सुबह उठकर फिटकरी से अपने दांत साफ करें। साथ ही बुध यंत्र धारण करें।
तुला राशि- बुध आपके दूसरे स्थान पर गोचर कर रहे है। जन्मपत्रिका के दूसरे स्थान का सम्बन्ध हमारे धन तथा स्वभाव से है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपको आर्थिक रूप से फायदा मिलने में दिक्कतें आ सकती है। आपको संतान सुख पाने में भी परेशानी हो सकती है। साथ ही व्यापार में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनेगी । कई बार ऐसी स्थिति भी बन सकती है कि आपके पास धन होते हुए भी आप उसका सही उपयोग नहीं कर पायेंगे। लिहाजा 29 दिसम्बर तक बुध के अशुभ फलों से बचने के लिए-अपने पास चांदी की ठोस गोली रखें। आपको शुभ फल प्राप्त होंगे।
वृश्चिक राशि- बुध आपके पहले यानि लग्न स्थान पर गोचर कर रहे है। जन्मपत्रिका में लग्न यानि पहले स्थान का सम्बन्ध हमारे शरीर तथा मुख से है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपको 29 दिसम्बर तक पैसों की कमी नहीं होगी, बल्कि आपके धन में वृद्धि ही वृद्धि होगी। इस दौरान आप खुश रहेंगे और सुख से समय व्यतीत करेंगे । साथ ही करियर में भी आपको लाभ मिलेगा। तो बुध के शुभ फल बनाये रखने के लिए- 29 दिसम्बर तक हरे रंग की चीज़ों को उपयोग में लाने से बचें।
धनु राशि- बुध आपके बारहवें स्थान पर गोचर कर रहे है। जन्मपत्रिका के बारहवें स्थान का सम्बन्ध आपके व्यय तथा शय्या सुख से है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपके परिवार में भौतिक सुख साधनों की बढ़ोतरी होगी। आपके धन में वृद्धि होगी। साथ ही समाज में आपको मान-सम्मान और प्रसिद्धि मिलेगी। इसके अलावा आपको शैय्या सुख की प्राप्ति होगी। अतः बुध के शुभ फल बनाये रखने के लिए- 29 दिसम्बर तक अधिकतर पीले और हरे रंग के वस्त्र पहनें। इससे आपके सारे काम बनते जायेंगे।
मकर राशि- बुध आपके ग्यारहवें स्थान पर गोचर कर रहे है। जन्मपत्रिका के ग्यारहवें स्थान का सम्बन्ध हमारे आय तथा इच्छाओं की पूर्ति से होता है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपकी कोई विशेष इच्छा पूरी होगी। आर्थिक रूप से आपकी स्थिति ठीक रहेगी। 29 दिसम्बर तक आप जो भी फैसला लें, बहुत ही सोच समझकर लें और अपने समय को व्यर्थ न करें। आपका समय बहुत कीमती है, इसे बचाकर चलें। तो आज से 29 दिसम्बर तक अशुभ फलों से बचने के लिए और अपनी स्थिति ठीक बनाये रखने के लिए- अपने गले में तांबे का पैसा धारण करें। इससे आपको अशुभ फलों से छुटकारा मिलेगा और शुभ फलों की प्राप्ति होगी।
कुंभ राशि- बुध आपके दसवें स्थान पर गोचर कर रहे है। जन्मपत्रिका के दसवें स्थान का सम्बन्ध हमारे करियर, राज्य तथा पिता से होता है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से पिता के साथ आपके रिश्ते अच्छे रहेंगे। आपका जीवनयापन बेहतर तरीके से होगा । कठिन परिस्थिति में भी किस्मत का पूरा-पूरा सहयोग प्राप्त होगा। साथ ही आपकी आमदनी में वृद्धि होगी और आपके पिता की भी तरक्की होगी। तो 29 दिसम्बर तक बुध के शुभ फल बनाये रखने के लिए- मां दुर्गा की उपासना करें और हो सके तो दुर्गा बीसा यंत्र धारण करें। इससे आपकी खूब उन्नति होगी।
मीन राशि- बुध आपके नवें स्थान पर गोचर कर रहे है। जन्म पत्रिका के नौवें स्थान का सम्बन्ध हमारे भाग्य से होता है। बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपको मेहनत के बल पर भाग्य का सहयोग मिलेगा। उचित मेहनत से आपको धन की प्राप्ति जरूर होगी। साथ ही आपका स्वास्थ्य भी ठीक बना रहेगा। अतः 29 दिसम्बर तक बुध के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये- लोहे की लाल रंग से रंगी हुई गोलियां अपने पास रखें। इससे जीवन में भाग्य का साथ बना रहेगा।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें-