A
Hindi News राशिफल Yearly Horoscope 2026: नए साल में चमकेगा इन 5 राशियों का सितारा, नौकरी में प्रमोशन और बड़े धन लाभ के बनेंगे योग, जानें अपनी राशि का हाल

Yearly Horoscope 2026: नए साल में चमकेगा इन 5 राशियों का सितारा, नौकरी में प्रमोशन और बड़े धन लाभ के बनेंगे योग, जानें अपनी राशि का हाल

Yearly Horoscope 2026: नया साल शुरू होने में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं। ज्योतिषीय दृष्टि से इस साल पर सूर्य और गुरु ग्रह का प्रभाव होगा। ऐसे में आइए वान्या आर्या से जानते हैं कि नए साल में सभी राशियों को कैसे परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।

Varshik Rashifal 2026- India TV Hindi Image Source : UNSPLASH वार्षिक राशिफल 2026

Yearly Horoscope 2026: साल 2026 के राजा ग्रहों के गुरु बृहस्पति हैं वहीं मंगल इस साल के मंत्री होंगे। अंक ज्योतिष के अनुसार 2026 पर सूर्य का प्रभाव होगा क्योंकि इस साल का मूलांक हैं। गुरु और सूर्य के प्रभाव के कारण राजनीतिक क्षेत्र में उथल-पुथल आ सकती है। गुरु के प्रभाव के कारण धार्मिक भावनाएं लोगों में अधिक देखने को मिलेंगी। शिक्षा क्षेत्र में काफी कुछ परिवर्तन आ सकते हैं। मेष, सिंह, वृश्चिक, धनु और मकर राशि के लिए यह साल काफी अच्छा रह सकता है। आइए विस्तार से जानते हैं सभी 12 राशियों के लिए नया साल। 

मेष राशि

मेष राशि के लोगों के लिए साल 2026 कई क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम लेकर आ सकता है। छोटे भाई-बहनों से आपके संबंध सुधरेंगे। विदेशी कारोबार में इस राशि के जातक सफलता पाएंगे वहीं जो लोग विदेश में जाकर पढ़ाई करना चाहते हैं उनकी ख्वाहिश भी पूरी हो सकती है। हालांकि शनि इस साल आपके 12वें भाव में होंगे इसलिए खर्चों पर आपको कंट्रोल रखने की जरूरत होगी नहीं तो आर्थिक स्थिति बिगड़ सकती है। उपाय के तौर पर आपको दक्षिण दिशा में ध्यान करना चाहिए, हनुमान चालीसा और बजरंगबाण का पाठ करना चाहिए। शुभ रंग आपके लिए लाल रहेगा, मंगलवार शुभ दिन होगा और  9, 18, 27 शुभ अंक आपके लिए साबित होंगे। 

वृषभ राशि

शनि आपके लाभ भाव में 2026 में संचार करेंगे जिससे आपको भी कई क्षेत्रों में लाभ मिल सकता है। जीवन में सकारात्मक बदलाव आएंगे, बड़े भाई बहनों से सपोर्ट आपको प्राप्त होगा। करियर क्षेत्र पर नजर डालें तो प्रमोशन इस राशि के कुछ जातकों को मिल सकता है। इस साल आप लग्जीरियस लाइफ जी सकते हैं। स्त्रियों का जितना आदर करेंगे उतने ही शुभ फल आपको मिलेंगे। घर की दक्षिण-पूर्व दिशा को साफ सुथरा इस साल रखें, महालक्ष्मी की आराधना करें, श्रीसूक्त का पाठ करें, मां लक्ष्मी की पूजा करें, छोटी कन्याओं को उपहार दें। ये छोटे-छोटे उपाय आपको बड़ा लाभ दिला सकते हैं। आपके लिए शुभ दिन शुक्रवार रहेगा शुभ रंग सफेद और पिंक वहीं शुभ अंक 6, 15, 24 आपके लिए साबित होंगे।

मिथुन राशि 

गुरु की स्थिति के चलते यह साल आपके लिए बेहतरीन साबित हो सकता है। साल के शुरुआती महीनों में जबरदस्त सफलता आपको मिल सकती है। शनि आपके दसवें भाव में होंगे इसलिए करियर में जबरदस्त सफलता आपको मिल सकती है। कुछ लोगों को कार्यक्षेत्र में अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलेगी, प्रमोशन भी हो सकता है। शादी और संतान प्राप्ति के योग भी साल 2026 में बनेंगे। इस राशि के विवाहित लोगों को ससुराल पक्ष से भी सपोर्ट मिलेगा। गणेश जी की आराधना आपको करनी चाहिए और गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करना चाहिए। साथ ही मां दुर्गा की आराधना करने से भी शुभ फलों की प्राप्ति आपको होगी। आपके लिए शुभ दिन बुधवार और शुभ रंग हरा रहेगा शुभ अंक 5, 14,23 इस साल आपके लिए रहेंगे।

कर्क राशि 

कर्क राशि के जातकों के लिए यह साल यादगार साबित हो सकता है। इस साल 2 जून से 31 अक्तूबर तक गुरु आपकी ही राशि में रहेंगे और आपकी इच्छाओं को पूरी करेंगे। इस साल कुछ जातक विवाह के बंधन में बंध सकते हैं। भाग्य का भरपूर सहयोग आपको मिलेगा। अपनी भावनाओं पर भी इस साल आप कंट्रोल कर पाएंगे। बड़े भाई-बहनों के साथ संबंध सुधरेंगे। आर्थिक पक्ष को लेकर भी यह साल सकारात्मक नजर आ सकता है। उपाय के तौर पर आपको चांदी धारण करनी चाहिए, पूर्णिमा का व्रत रखना चाहिए और भगवान शिव की पूजा करनी चाहिए। आपके लिए शुभ रंग सफेद, शुभ अंक 2, 11 और 20 रहेंगे।

सिंह राशि 

साल 2026 पर आपकी राशि के स्वामी सूर्य का प्रभाव रहेगा इसलिए नया साल नई उमंग लेकर आ सकता हैै। करियर के क्षेत्र में आप जबरदस्त सफलता पा सकते हैं। आपकी अटकी हुई योजनाएं इस साल में पूरी हो सकती हैं। हालांकि आपकी राशि में बैठा केतु आपके अंदर विरक्ति का भाव भी जगा सकता है जिसके कारण आप एकांत में कुछ समय इस साल बिता सकते हैं। आध्यात्मिक क्षेत्र में कुछ लोग आगे बढ़ सकते हैं। राजनीति के क्षेत्र में सफलता मिल सकती है। इस साल जितना अनुशासित रहेंगे उतने ही अच्छे परिणाम आपको मिलेंगे। उपाय के तौर पर आदित्य हृदय स्तोत्रम का पाठ करें, सूर्य ग्रह के बीज मंत्र का जप करें। आपके लिए शुभ अंक 1,10,19,28 होंगे शुभ रंग गोल्डन और शुभ दिन रविवार रहेगा। 

कन्या राशि 

साल 2026 में शनि का गोचर आपके सप्तम भाव में होगा इसलिए वैवाहिक जीवन में संतुलन आ सकता है, साझेदारी के कारोबार में लाभ बढ़ सकता है। धर्म-कर्म में कन्या राशि के जातकों की रुचि बढ़ेगी और स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। इस साल जितना हो सके विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें, छोटे बच्चों को प्यार करें, किसी भी कार्य में जल्दबाजी न करें। इसके साथ ही काम पूरा होने से पहले उसके बारे में किसी को न बताएं नहीं तो काम खराब हो सकता है। मां दुर्गा की उपासना करने और हरे रंग का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने से आपको लाभ मिल सकता है। आपके लिए शुभ दिन बुधवार रहेगा शुभ अंक 5, 14, 23 होंगे और शुभ रंग आपके लिए हरा साबित होगा। 

तुला राशि 

शनि का गोचर आपके छठे भाव में हो रहा है इसलिए साल 2026 में अच्छे रिजल्ट आपको मिल सकते हैं। कर्ज चुकाने में आप कामयाब हो सकते हैं। शत्रुओं पर आपको विजय प्राप्त होगी। ननिहाल से आपको सपोर्ट मिल सकता है। करियर में अच्छे बदलाव आ सकते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में आप सफलता पा सकते हैं। उपाय के तौर पर माता लक्ष्मी की आराधना करें। हर शुक्रवार के दिन श्रीसूक्त का पाठ करें। सफेद कलर आपके लिए शुभ रहेगा। परफ्यूम का इस्तेमाल करें। स्त्रियों का आदार-सत्कार करें। शुक्रवार के दिन जल्दी उठें। विधवा आश्रम में दान करें, शुक्र मजबूत होगा। दक्षिण-पूर्व आपके लिए शुभ दिशा है। 6, 15, 24 आपके लिए शुभ तारीखें हैं। 

वृश्चिक राशि 

नए साल में शनि आपके पंचम भाव में रहेंगे इसलिए विवाहित जातकों के जीवन में परेशानियां आ सकती हैं। खासकर उन लोगों को जो संतान प्राप्ति की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि इस साल के मंत्री मंगल हैं इसलिए कई क्षेत्रों में आपको सकारात्मक परिणाम भी मिलेंगे। जितना आप योग-ध्यान करेंगे उतना ही आपको अच्छे रिजल्ट मिल सकते हैं। सक्रिय रहें और खेलकूद में समय बिताएं। हनुमान चालीसा का पाठ करें। दक्षिण दिशा आपके लिए शुभ रहेगी। लव लाइफ में आ रही परेशानियां दूर होंगी और बीते समय में किए गए कार्यों का अच्छा परिणाम मिल सकता है। हेल्थ इस साल अच्छी रहेगी। शुभ अंक 9, 18 और 27 वहीं शुभ रंग लाल आपके लिए रहेगा। 

धनु राशि 

आपके लिए साल बहुत अच्छा रह सकता है। हालांकि शनि आपके चतुर्थ भाव में होंगे इसलिए वाहन आदि का ध्यान आपको रखना होगा। माथे पर हल्दी-चंदन का तिलक लगाने से आपको लाभ इस साल मिलेगा। धर्म-कर्म में इस राशि के जातकों की रुचि बढ़ सकती है। आर्थिक रूप से भी धनु राशि के जातकों को सुखद परिणाम मिलेंगे। निवेश किया गया धन बड़ी रकम बनकर लौट सकता है। सेहत के लिहाज से यह साल बेहतरीन रहेगा। कुछ लोगों को मनचाही जगह पर काम करने का मौका मिल सकता है। इस साल विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें, आप पर शनि की ढैय्या चल रही है इसलिए शनि मंदिर जाएं और सरसों का तेल शनि देव को चढ़ाएं। वहीं गुरु ग्रह के मंत्रों का जप करेंगे तो कई परेशानियों से छुटकारा पा सकते हैं। आपके लिए शुभ रंग पीला होगा और शुभ अंक 3, 12, 21 और 30। 

मकर राशि 

शनि का गोचर आपके तृतीय भाव में रहेगा इसलिए लाभ की आपको प्राप्ति होगी। छोटी यात्राएं होंगी और ये यात्राएं लाभदायक भी रहेंगी। छोटे भाई-बहनों और मित्रों का सहयोग आपको प्राप्त होगा। मकर राशि के लोग जितने अनुशासित रहेंगे उतना शनि आपको शुभ परिणाम दिलाएंगे। धैर्य बनाए रखेंगे तो इस साल आर्थिक पक्ष में भी बड़ा उछाल आएगा। माता की सेवा इस साल करें। पश्चिम दिशा को साफ रखें। मेहनत खूब होगी लेकिन शनि इसका शुभ फल भी आपको देंगे। इस साल शनि चालीसा का पाठ करें, काली चीजों का दान करें। शनि स्तोत्र का पाठ करने से जीवन की कई परेशानियां दूर होंगी। शुभ दिन शनिवार, शुभ रंग नीला और काला रहेगा वहीं शुभ अंक 8, 17, 26 रहेंगे।

कुंभ राशि 

शनि इस साल आपके दूसरे भाव में होंगे इसलिए वाणी पर आपको कंट्रोल रखने की जरूरत होगी। आप पर उतरती शनि है इसलिए आपकी मेहनत का शुभ परिणाम आपको प्राप्त हो सकता है। आपकी राशि में राहु विराजमान हैं इसलिए कुछ मामलों को लेकर उलझन में पड़ सकते हैं। इस साल आपको घर में रुकी हुई घड़ियां नहीं रखनी चाहिए और ना ही खराब इलेक्ट्रोनिक चीजों को भी दूर रखें। इस साल भगवान शिव की आराधना आपको करनी चाहिए। साल का अंतिम समय आपके लिए बेहद शुभ रह सकता है। हनुमान जी की आराधना करना आपको शुभ रहेगा। पश्चिम दिशा को साफ रखें, माता का आशीर्वाद लें। पीपल के पेड़ पर सरसों के तेल का दीपक जलाने से भी आपको लाभ मिलेगा। शुभ रंग नीला और काला रहेगा, शनिवार का दिन आपके लिए शुभ रहेगा और 8, 17 और 26 आपके लिए शुभ अंक रहेंगे। 

मीन राशि 

आपकी राशि के स्वामी गुरु हैं और आपके लिए यह साल अच्छा रहेगा क्योंकि इस साल के स्वामी गुरु हैं। शनि आपकी राशि में हैं इसलिए साढ़ेसाती का दूसरा चरण चल रहा है इसलिए इमोशनल होकर कोई भी निर्णय न लें। गुरुओं के साथ अच्छा व्यवहार करें, किसी को अपना गुरु बनाएं तो जीवन में शुभता आएगी। वैवाहिक जीवन को लेकर थोड़ा सतर्कता बरतने की आपको आवश्यकता होगी। गुरुवार के दिन इस साल जल्दी उठें, विष्णु सहस्रनाम का पाठ करिए ऐसा करने से लाभ होगा। आर्थिक स्थिति सुधरेगी। शुभ रंग आपके लिए पीला रहेगा, शुभ अंक 3, 12, 21 और 30 रहेंगे। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

यह भी पढ़ें:
 

More Rashifal News