1. Hindi News
  2. धर्म
  3. त्योहार
  4. लड्डू गोपाल को बेहद प्रिय हैं ये 5 भोग, जन्माष्टमी की पूजा में जरूर करें शामिल!

लड्डू गोपाल को बेहद प्रिय हैं ये 5 भोग, जन्माष्टमी की पूजा में जरूर करें शामिल!

कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के दौरान कृष्ण भक्त पूजा के दौरान भोग भी लगाते हैं। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि लड्डू गोपाल को किन चीजों का भोग लगाकर आप प्रसन्न कर सकते हैं।

Janmashtmi 2026- India TV Hindi
Image Source : PINTEREST जन्माष्टमी 2026

जन्माष्टमी का पावन पर्व 4 सितंबर 2026 को पूरे देश भर में मनाया जाएगा। जन्माष्टमी के दिन पूजा के दौरान लड्डू गोपाल को उनके प्रिय खाद्य पदार्थों का भोग भी अवश्य लगाना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पूजा के दौरान भगवान कृष्ण को भोग लगाने से शुभ फलों की प्राप्ति भक्तों को होती है। आइए ऐसे में जान लेते हैं कि किन चीजों का भोग लगाने से आप लड्डू गोपाल का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। 

कृष्ण जन्माष्टमी भोग सामग्री (Krishana Janmashtmi Bhog Samagri)

माखन और मिश्री का भोग

जन्माष्टमी की पूजा के दौरान आपको लड्डू गोपाल को माखन-मिश्री का भोग अवश्य लगाना चाहिए। जन्माष्टमी पूजन में इसे सबसे महत्वपूर्ण भोग माना जाता है, माखन लड्डू गोपाल को इतना प्रिय है कि उनका एक नाम माखनचोर भी है। माखन-मिश्री का भोग श्रीकृष्ण को लगाने से आपके जीवन में भी सुख-शांति आ सकती है।

धनिया पंजीरी

भगवान कृष्ण की पूजा में धनिया पंजीरी का भोग लगाना भी शुभ माना गया है। धनिया पंजीरी बनाने के लिए पीसे हुए सूखे धनिए को घी में भूनकर उसमें मेवे, मखाने चीनी डालकर आप पंजीरी बना सकते हैं। पंजीरी का भोग लगाने के साथ ही इसे प्रसाद के रूप में वितरित करना भी शुभ होता है। पंजीरी को प्रसाद रूप में खाने से भगवान कृष्ण का आशीर्वाद तो आपको मिलता ही है साथ ही आपको आरोग्य की भी प्राप्ति होती है। 

मखाने की खीर का भोग 

भगवान कृष्ण की कृपा प्राप्त करने के लिए आपको जन्माष्टमी की पूजा के शुभ मुहूर्त में मखाने की खीर का भोग लगाना चाहिए। मखाने की खीर में दूध, मेवे, केसर आदि आप डाल सकते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जन्माष्टमी की मध्यरात्रि में लड्डू गोपाल को मखाने की खीर का भोग लगाने से आपको आर्थिक उन्नति प्राप्त हो सकती है।

पंचामृत का भोग 

भगवान कृष्ण को पंचामृत का भोग भी आपको जन्माष्टमी के दिन लगाना चाहिए। इसके साथ ही आप पंचामृत से लड्डू गोपाल का अभिषेक भी कर सकते हैं। पंचामृत दूध,घी, दही, शहद और शक्कर के मिश्रण से बनाएं, इसमें आप तुलसी के कुछ पत्ते भी मिला सकते हैं। 

पंचमेवा भोग

कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पंचमेवा (काजू, किशमिश, बादाम, छुआरा और मखाने) को भी आप भोग के रूप में अर्पित कर सकते हैं। 

भोग अर्पित किस पात्र में करें? 

कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के दौरान भोग अर्पित करने के लिए आपको तांबे या चांदी के बर्तनों का उपयोग करना चाहिए। इसके साथ ही केले, आम या पलाश के पत्तों में भोग सामग्री रखकर अर्पित करना भी शुभ माना गया है। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें:

4 सितंबर 2026 पंचांग: जन्माष्टमी पूजा का शुभ मुहूर्त, राहुकाल, निशिता काल समय, अभिजीत मुहूर्त और चंद्रोदय समय