Vaishakh Amavasya 2026: वैशाख अमावस्या के दिन करें ये चमत्कारी उपाय, धन-धान्य और खुशियों की होगी प्राप्ति
Written By : Acharya Indu Prakash,
Edited By : Naveen Khantwal,
Published : Apr 16, 2026 10:25 pm IST,
Updated : Apr 16, 2026 10:25 pm IST
Vaishakh Amavasya 2026: वैशाख अमावस्या के शुभ दिन पर कुछ उपाय आपके लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हो सकते हैं। इन उपायों को करने से आपको जीवन में सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में।

Vaishakh Amavasya 2026: वैशाख अमावस्या 17 अप्रैल 2026 को है। इस दिन को धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वैशाख अमावस्या के दिन पितरों का पूजन करने से पितृ दोष से मुक्ति मिलती है। इसके साथ ही वैशाख अमावस्या के दिन कुछ उपाय करने से आपको जीवन में सुख-समृद्धि और धन-धान्य की प्राप्ति हो सकती है। आज हम आपको इन्हीं उपायों के बारे में जानकारी देंगे।
वैशाख अमावस्या के उपाय
- अगर जीवन में आपको किसी भी तरह की परेशानी है, तो उससे निजात पाने के लिये अमावस्या के दिन एक लाल रंग का मोटा धागा लेकर गले में पहनें और उसे अगले महीने की अमावस्या तक पहने रखें। आपको बता दूं कि अगले महीने अमावस्या तिथि 16 मई की देर रात 1 बजकर 30 मिनट तक रहेगा । इस दिन दौरान वह धागा अपने गले से निकालकर रात के समय घर से बाहर कहीं विराने में गड्ढा खोदकर दबा दें। ऐसा करने से आपके जीवन से सारी परेशानियों का अंत होगा।
- आर्थिक समस्याओं से निजात पाने के लिये अमावस्या के दिन 8 कागजी बादाम और 8 काजल की डिबिया लेकर, रात के समय उन्हें एक काले कपड़े में बांध कर अपनी पैसों की अलमारी या तिजोरी के नीचे रख दें। अगले दिन उस काले कपड़े को बादाम और काजल की डिबिया समेत पानी में बहा दें। ऐसा करने से आपको आर्थिक समस्याओं से निजात मिलेगी।
- अगर आपके और आपके जीवनसाथी के बीच किसी न किसी बात को लेकर हमेशा खींचतान बनी रहती है, तो अमावस्या के दिन थोड़ा-सा दूध लेकर, उसमें एक चुटकी शक्कर मिलाकर किसी कुएं में डाल दें। अगर आपको घर के आस-पास कहीं कुआं न मिले तो घर के बाहर कच्ची मिट्टी में दूध डाल दें और उसके ऊपर थोड़ी-सी मिट्टी डाल दें। ऐसा करने से आपके और आपके जीवनसाथी के बीच का रिश्ता पहले से बेहतर होगा और खींचतान की स्थिति से बाहर निकलने में आपको मदद मिलेगी।
- अगर दूसरे लोग आपकी दिन-ब-दिन बढ़ती तरक्की को देखकर आपसे जलते हैं, आपकी पीठ पीछे दूसरे लोगों से बुराई करते हैं, लेकिन सामने से आपकी तारीफ करते हैं, तो ऐसे लोगों से पीछा छुड़ाने के लिये अमावस्या के दिन शाम के समय एक रोटी लेकर, उस पर सरसों का तेल डालकर दूसरी रोटी की सहायता से चुपड़ दें और तेल चुपड़ी दोनों रोटियों को काले कुत्ते को डाल दें। आज ऐसा करने से आपको जल्द ही आपकी बुराई करने वाले लोगों से छुटकारा
- मिलेगा।
- अगर आप कर्ज से परेशान हैं, तो अमावस्या के दिन थोड़े-से राई के दाने हाथ में लेकर आधी रात को अपने घर के चौक में या घर की छत पर जाकर घड़ी की विपरीत दिशा में तीन चक्कर काटें। इसके बाद थोड़े-थोड़े राई के दाने दसों दिशाओं में फेंक दें। आज अमावस्या के दिन ये टोटका करने से आपको जल्द ही कर्ज से मुक्ति मिलेगी।
- अगर आपके परिवार का कोई सदस्य कुछ दिनों से अस्वस्थ है या आप स्वयं अस्वस्थ हैं तो अमावस्या के दिन स्नान आदि के बाद अस्वस्थ व्यक्ति के पहने हुए कपड़े से एक धागा निकाल लें और उस धागे को रूई के साथ मिलाकर उसकी बत्ती बना लें। अब एक मिट्टी के दिये में सरसों का तेल डालकर, वह बाती लगा दें और हनुमान जी के मन्दिर के बाहर वह दीपक जला दें। ऐसा करने से अस्वस्थ व्यक्ति की सेहत में जल्दी ही सुधार होगा।
- धन की प्राप्ति के लिये अमावस्या के दिन रात के समय एक पानी वाला नारियल लें और शिव प्रतिमा के सामने उस नारियल को धन प्राप्ति की कामना करते हुए जमीन पर तोड़ दें। अब नारियल के इन टूटे हुए टुकड़ों को भगवान शिव की प्रतिमा के पास ही रख दें और रात भर वहीं रखा रहने दें। सुबह उठकर उननारियल के टुकड़ों को वहां से उठा लें और घर के सब सदस्यों में बांट दें। अमावस्या के दिन ये उपाय करने से आपको धन की प्राप्ति होगी।
- अगर आपकी कोई खास इच्छा है, जो बहुत समय से पूरी नहीं हो पा रही है तो अमावस्या के दिन एक नारियल लेकर उसे देवी मां का नाम लेकर तोड़ दें। अन्दर से प्राप्त गिरी के 42 टुकड़े करें। 3 टुकड़े भगवान शंकर को चढ़ायें, नौ टुकड़ें छोटी कन्याओं को बांट दें। दो टुकड़े दर्जी को, दो टुकड़े माली को, दो टुकड़े कुम्हार को प्रसाद के रूप में बांट दें और चार टुकड़े अपने लिये रख कर शेष बीस टुकड़े मन्दिर में चढ़ा दें या प्रसाद के रूप में बांट दें। ऐसा करने से आपकी इच्छा जल्द ही पूरी होगी।
- अपने करियर को एक नई दिशा देने के लिये अमावस्या के दिन एक पानी वाला नारियल लें और उस पर लाल रंग का धागा सात बार लपेटकर अपने ईष्ट देव का ध्यान करते हुए बहते पानी में प्रवाहित कर दें। ऐसा करने से आपके करियर को एक नई दिशा मिलेगी।
- अपना कॉन्फिडेंस लेवल बढ़ाने के लिये अमावस्या के दिन रात के समय मन्दिर के दरवाजे बंद होने से पहले घी का एक दीपक जलाएं। अगर घर के बाहर मन्दिर में नहीं जा सकते हैं, तो रात को सोने से पहले घर के मन्दिर में ही घी का दीपक जलाएं। देखिये जो आप रोज़ शाम की पूजा के लिये दीपक जलाते हैं, वो दीपक अलग है, वो तो आपको जलाना ही है, लेकिन साथ ही रात को सोने से पहले एक और घी का दीपक आपको जलाना है। अमावस्या के दिन ऐसा करने से आपका कॉन्फिडेंस लेवल बढ़ेगा।
- अपने परिवार से सारी परेशानियों को मिटाने के लिये और खुशियों को बरकरार रखने के लिये अमावस्या के दिन 5 लाल फूल और तेल के 5 दीपक जलाकर बहते पानी में प्रवाहित कर दें। अगर ये उपाय आप शाम को दिन छिपने के बाद करें, तो और भी अच्छा है। बाकी आप अपनी सुविधा के अनुसार कर सकते हैं। ऐसा करने से आपके परिवार की खुशियां बरकरार रहेंगी।
- अगर आप अपने बिजनेस में बढ़ोतरी करना चाहते हैं, अपने बिजनेस को दूर-दराज तक फैलाना चाहते हैं तो अमावस्या के दिन आपको स्नान आदि के बाद दुर्गा मां की विधि-पूर्वक पूजा करनी चाहिए, कपूर से उनकी आरती करनी चाहिए और उसके बाद हलवे और उबले हुये चने का भोग लगाना चाहिए। ऐसा करने से आपके बिजनेस में बढ़ोतरी होगी और आपका बिजनेस जल्द ही दूर-दराज तक फैलेगा।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें:
कौए के ये संकेत बदल सकते हैं आपकी किस्मत, जानें शुभ-अशुभ शकुन जो पहले ही दे देते हैं भविष्य का इशारा