1. Hindi News
  2. धर्म
  3. 3 जुलाई की रात शनि की राशि में गोचर करेंगे चंद्रमा, कर्क-कन्या सहित 4 राशियां सेहत और आर्थिक पक्ष लेकर रहें सतर्क

3 जुलाई की रात शनि की राशि में गोचर करेंगे चंद्रमा, कर्क-कन्या सहित 4 राशियां सेहत और आर्थिक पक्ष लेकर रहें सतर्क

चंद्रमा 3 जुलाई की रात में शनि की राशि कुंभ में गोचर कर जाएंगे। चंद्रमा का यह गोचर किन राशियों के लिए प्रतिकूल हो सकता है और क्या उपाय इनको करने चाहिए, आइए जानते हैं।

Chandra Gochar- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC चंद्र गोचर

चंद्रमा 3 जुलाई की रात में शनि की राशि कुंभ में गोचर कर जाएंगे। चंद्रमा का यह गोचर  3 जुलाई की रात 12 बजकर 49 मिनट पर होगा। शनि और चंद्रमा के बीच शत्रुता का संबंध है इसलिए कुंभ राशि में चंद्रमा के गोचर से कुछ राशियों के जीवन में परेशानियां पैदा हो सकती हैं। इन राशियों को आर्थिक पक्ष और सेहत को लेकर बेहद सतर्क रहना होगा। आइए जान लेते हैं कौन सी हैं ये राशियां और क्या उपाय करने से इन्हें शुभ फल मिल सकते हैं।

कर्क राशि 

चंद्रमा का गोचर आपकी राशि से अष्टम भाव में होगा। यह भाव अनिश्चितताओं का कारक माना जाता है। चंद्रमा का यह गोचर अचानक से आर्थिक पक्ष में उतार-चढ़ाव ला सकता है, न चाहते हुए भी संचित धन आपको खर्च करना पड़ सकता है। हालांकि सही बजट बनाकर चलेंगे तो स्थितियां सुधरेंगी। खानपान का ध्यान रखें वरना सेहत खराब हो सकती है। वाहन चलाते समय भी इस राशि के जातकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है। उपाय के तौर पर शिवलिंग पर जल अर्पित करें। 

कन्या राशि 

चंद्रमा का गोचर आपकी राशि से छठे भाव में होगा। यह भाव शत्रु कारक माना जाता है। इसलिए आपको अपने विरोधियों से बचकर रहना होगा, खासकर कार्यक्षेत्र में। आर्थिक रूप से कुछ परेशानियां पैदा हो सकती हैं लेकिन आप इन परेशानियों का हल निकाल सकते हैं। रोजगार की तलाश में लगे लोगों को प्रयास बढ़ाने होंगे। किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या हो तो कोताही न बरतें। उपाय के तौर पर आपको चंद्र ग्रह के मंत्रों का जप करना चाहिए। 

धनु राशि 

आपको चंद्रमा के कुंभ राशि में गोचर के दौरान किसी भी तरह का बढ़ा फैसला नहीं लेना चाहिए। धन से जुड़ा लेन-देन किसी विश्वासपात्र के समक्ष ही करें नहीं तो बुरी स्थिति में पड़ सकते हैं। इस राशि के जातकों को किसी पुरानी बीमारी की वजह से भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। गलत लोगों की संगति से बचें। उपाय के तौर पर आपको शिव चालीसा का पाठ करना चाहिए। 

मीन राशि 

चंद्रमा का गोचर आपकी राशि से द्वादश भाव में होगा। यह भाव हानि का कारक माना जाता है। इसलिए मीन राशि के जातकों को धन से जुड़े मामलों को लेकर कोताही बरतना भारी पड़ सकता है। निवेश करने का विचार बना रहे हैं तो सोच-समझकर आगे बढ़ें। इस राशि के लोगों को करियर क्षेत्र से कोई भी बड़ा फैसला इस दौरान नहीं लेना चाहिए। उपाय के तौर पर मीन राशि के जातकों को भगवान शिव के मंत्रों का जप करना चाहिए। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

यह भी पढ़ें:

शुक्र गोचर से इन 4 राशियों को मिलने जा रहा है राजयोग जैसा सुख, बढ़ेगा बैंक बैलेंस!