Gau Mata Ke Upay: सनातन धर्म में गाय को केवल एक पशु नहीं, बल्कि 'गोमाता' के रूप में पूजनीय माना गया है। मान्यताओं के अनुसार गाय में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना जाता है। गाय की सेवा करने से सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है। भगवान श्रीकृष्ण का भी गायों से गहरा संबंध बताया जाता है। ग्रंथों में कामधेनु जैसी दिव्य गाय का उल्लेख मिलता है, जिसे सभी इच्छाओं को पूर्ण करने वाली माना गया है। यही कारण है कि ज्योतिष और धर्मशास्त्र में गोमाता से जुड़े कई सरल उपाय बताए गए हैं। इन उपायों को करने से परेशानियां कम होती हैं और ग्रह दोष शांत होते हैं।
नजर दोष से राहत
मान्यता के अनुसार, गोमाता की पूंछ के बाल का स्पर्श करना बहुत शुभ होता है। कहा जाता है कि ऐसा करने से व्यक्ति पर लगी बुरी नजर दूर हो सकती है। इसके अलावा गाय के पैरों की धूल को माथे पर तिलक की तरह लगाने से सोया हुआ भाग्य जागने की मान्यता है। इस उपाय को सच्चे मन और आस्था से किया जाए, तो व्यक्ति को जीवन के कई क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम मिलने लगते हैं।
गोमाता के दर्शन से सफल होते हैं काम
हिंदू परंपरा में यह भी माना जाता है कि किसी जरूरी काम के लिए घर से निकलते समय गाय या उसका बछड़ा दिखाई दे जाए तो यह शुभ संकेत होता है। कहते हैं कि इससे काम के सफल होने की संभावना बढ़ जाती है। अगर संभव हो तो घर से निकलने से पहले गोमाता को गुड़ खिलाकर या पानी पिलाकर आशीर्वाद लेना भी शुभ माना गया है।
यात्रा को शुभ बनाने का उपाय
अगर घर से बाहर निकलते समय सामने से गाय आती दिखाई दे तो उसे प्रणाम करने के बाद उसे अपने दाहिनी ओर से जाने देना शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से यात्रा सुरक्षित और लाभदायक साबित होती है और व्यक्ति के कार्यों में भी सफलता मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
पहली रोटी का अचूक उपाय
सनातन परंपरा में घर में बनी पहली रोटी गोमाता के लिए निकालने की परंपरा भी प्रचलित है। मान्यता है कि रोजाना गाय को रोटी खिलाने से घर में सुख-समृद्धि और बरकत बनी रहती है। ऐसा करने से धन और अन्न की कमी नहीं होती और परिवार में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
गोसेवा से शांत होते हैं ग्रह दोष
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, गोसेवा करने से नवग्रहों से जुड़े कई दोषों का प्रभाव कम हो सकता है। कोई व्यक्ति शनि की साढ़ेसाती या ढैया से परेशान हो तो शनिवार के दिन काली गाय को तिल के लड्डू और गुड़ खिलाना चाहिए। इस उपाय से शनि के कष्ट कम होने के साथ संतान सुख मिलने की भी मान्यता है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें: किचन में जूते-चप्पल पहनकर जाते हैं? बिगड़ता है अग्नि और पृथ्वी तत्व का बैलेंस, जानिए क्या कहता है वास्तु शास्त्र
अमावस्या की रात करें फिटकरी का उपाय, ये गुप्त टोटका जगाएगा सोया नसीब, खुलेंगे तरक्की के रास्ते!